98.4% अंक लाकर चमके शौर्य, 95.8% के साथ सृष्टि ने भी बढ़ाया स्कूल का मान
Share your love

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की हाईस्कूल परीक्षा के परिणाम बुधवार को घोषित होने के बाद फतेहगढ़ के रोजी पब्लिक स्कूल में खुशी का माहौल है। विद्यालय के छात्र शौर्य बाजपेई ने 98.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल और परिवार का नाम रोशन किया है। वहीं छात्रा सृष्टि दीक्षित ने 95.8 प्रतिशत अंक हासिल कर अपनी मेहनत का शानदार उदाहरण पेश किया है। देशभर में इस वर्ष CBSE हाईस्कूल परीक्षा का परिणाम 93.70 प्रतिशत रहा है, जबकि 55 हजार से अधिक छात्रों ने 95 प्रतिशत से ज्यादा अंक प्राप्त किए हैं।
रिजल्ट देखकर शौर्य को नहीं हुआ यकीन, अब आईएएस बनकर करना चाहते हैं देश सेवा
शौर्य बाजपेई ने बताया कि जब उन्होंने पहली बार अपना रिजल्ट देखा तो उन्हें विश्वास ही नहीं हुआ। विद्यालय से पुष्टि होने के बाद ही उन्हें अपनी सफलता पर भरोसा हुआ। शौर्य का सपना आईएएस अधिकारी बनना है। उनका कहना है कि वह प्रशासनिक सेवा में जाकर देश की सेवा करना चाहते हैं और भ्रष्टाचार जैसी समस्याओं को खत्म करने में योगदान देना चाहते हैं।
शौर्य के पिता विपनेश कुमार बाजपेई टेक्सटाइल इंजीनियर हैं, जबकि मां शशि बाजपेई गृहिणी हैं। बेटे की इस उपलब्धि पर परिवार में खुशी का माहौल है। बाबा रामबाबू और दादी आशा बाजपेई ने उन्हें माला पहनाकर, तिलक लगाकर मिठाई खिलाई। शौर्य के जुड़वा भाई धैर्य बाजपेई ने भी हाईस्कूल परीक्षा में 85 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। परिवार के अनुसार शौर्य अपने माता-पिता को ही अपना आदर्श मानते हैं। उनकी बहन वर्तमान में नीट की तैयारी कर रही हैं।
पढ़ाई के साथ दूसरों की मदद भी करती थीं सृष्टि, अब प्रोफेसर बनने का सपना
95.8 प्रतिशत अंक हासिल करने वाली सृष्टि दीक्षित ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित पढ़ाई और अनुशासन को दिया है। उन्होंने बताया कि वह रोजाना 4 से 5 घंटे पढ़ाई करती थीं। पढ़ाई के दौरान वह अपने सहपाठियों की भी मदद करती थीं, जिससे उनके मन में प्रोफेसर बनने की इच्छा जागी।
सृष्टि का कहना है कि वह आगे चलकर शिक्षा के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहती हैं और विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन देना चाहती हैं। उनके पिता बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षक हैं, जबकि मां सीमा दीक्षित गृहिणी हैं। बेटी की सफलता से परिवार में उत्साह का माहौल है और रिश्तेदारों ने भी मिठाई खिलाकर उन्हें बधाई दी।
इस बार भी लड़कियों ने मारी बाजी, CBSE में रहा बेहतर प्रदर्शन
CBSE के इस वर्ष के हाईस्कूल परिणाम में लड़कियों ने लड़कों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है। लड़कियों का पास प्रतिशत 94.99 प्रतिशत रहा, जबकि लड़कों का पास प्रतिशत 92.69 प्रतिशत दर्ज किया गया। देशभर में 24.71 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 23 लाख से ज्यादा छात्र सफल हुए हैं।






