शादी में शामिल होने जा रही महिला की हालत गंभीर, फर्रुखाबाद में पेड़ से टकराई कार

दिल्ली-फर्रुखाबाद मार्ग पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र के बरोन के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार सवार तीन लोग घायल हो गए, जिनमें एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।

बाइक को बचाने में हुआ हादसा

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक को बचाने के प्रयास में कार चालक ने अचानक वाहन मोड़ा, जिससे कार संतुलन खो बैठी और सीधे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हरियाणा से शादी में शामिल होने आ रहा था परिवार

हादसे में घायल लोगों की पहचान हरियाणा के बल्लभगढ़ निवासी 50 वर्षीय आशा देवी, उनके बेटे प्रांशु और प्रांशु के दोस्त सौरभ के रूप में हुई है। बताया गया कि तीनों बुधवार रात बल्लभगढ़ से फर्रुखाबाद के लिए निकले थे। आशा देवी अपनी बहन बीना देवी के बेटे की शादी में शामिल होने आ रही थीं। वहीं, सौरभ अपनी पत्नी को बुलाने के लिए गुंजन बिहार स्थित ससुराल जा रहा था।

प्रांशु और सौरभ को भी आई चोटें

हादसे में कार चला रहे प्रांशु के हाथ में चोट आई है। वहीं, आगे की सीट पर बैठे सौरभ का सिर डैशबोर्ड से टकरा गया, जिससे उसकी नाक में गंभीर चोट आई। पीछे बैठीं आशा देवी को सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें लगीं।

लोहिया अस्पताल से कानपुर रेफर

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। तीनों घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया। यहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. दीपक तिवारी ने प्राथमिक उपचार के बाद आशा देवी की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें कानपुर के हायर सेंटर रेफर कर दिया।

हादसे के बाद परिवार में मचा कोहराम

शादी की खुशियों के बीच हुए इस हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में अफरा-तफरी और चिंता का माहौल बन गया। परिजन अस्पताल पहुंच गए हैं और आशा देवी की हालत को लेकर लगातार जानकारी ले रहे हैं। पुलिस ने भी मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News