पेप्सी पिलाने के बहाने 8 साल के बच्चे को कमरे में बंद किया, आरोपी हिरासत में
Share your love

फर्रुखाबाद जिले के शमशाबाद थाना क्षेत्र के दुबारी गांव में एक 8 वर्षीय बालक को बंधक बनाए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव का ही एक युवक बच्चे को पेप्सी पिलाने के बहाने अपने घर ले गया और कमरे में बंद कर दिया। पुलिस ने मामले में आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
घर के बाहर खेल रहा था बच्चा, तभी साथ ले गया युवक
दुबारी गांव निवासी रोशनी देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनका 8 वर्षीय बेटा राघव सोमवार शाम घर के सामने अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान गांव का युवक मनोज कुमार उसे पेप्सी पिलाने के बहाने अपने घर ले गया।
परिजनों के मुताबिक, काफी देर तक राघव घर नहीं लौटा तो उसकी तलाश शुरू की गई। उसके साथ खेल रहे बच्चों ने बताया कि गांव का एक युवक उसे अपने साथ ले गया था।
आरोपी ने पहले किया इनकार, बाद में कमरे में मिला बच्चा
परिजन जब आरोपी के घर पहुंचे तो उसने पहले बच्चे के वहां होने से इनकार किया। हालांकि बाद में राघव घर के एक कमरे में बैठा मिला। बच्चे ने भी परिजनों के सामने बताया कि उसे आरोपी अपने घर ले गया था और कमरे में बैठाए रखा था।
इस घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने भी मामले को गंभीर बताते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
डेढ़ घंटे तक बंधक बनाए रखने का आरोप
कायमगंज के सीओ राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि दुबारी निवासी सुखराम की ओर से सूचना दी गई थी कि उनके 8 वर्षीय पौत्र राघव को मनोज कुमार अपने घर ले गया था और करीब डेढ़ घंटे तक बंधक बनाए रखा।
पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर आरोपी मनोज कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस बोली- तथ्यों के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
सीओ राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पूछताछ और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






