गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव पर गुरुद्वारों में श्रद्धा और सेवा का संगम, अखंड पाठ का हुआ भव्य समापन
Share your love

संवाद 24 (डेस्क), फर्रुखाबाद।
गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव पर बुधवार को शहर के विभिन्न गुरुद्वारों में श्रद्धा और सेवा का अद्भुत माहौल देखने को मिला। लोहार रोड स्थित गुरुद्वारे में गुरुग्रंथ साहिब के अखंड पाठ के समापन के साथ अरदास की गई, जिसके उपरांत श्रद्धालुओं को प्रसाद और लंगर वितरित किया गया।
नेहरू रोड स्थित गुरुद्वारा प्रबंध समिति के पूर्व कोषाध्यक्ष सरदार लाल सिंह की मौजूदगी में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने मत्था टेककर गुरुवाणी का रसपान किया। सुबह से ही गुरुद्वारे में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। दोपहर तक चले लंगर में लोगों ने सेवा भावना से भोजन ग्रहण किया।

शबद-कीर्तन में गूंजा वातावरण
गुरुद्वारों में सुबह से ही शबद-कीर्तन की मधुर स्वर लहरियाँ गूंजती रहीं। रागी जत्थों द्वारा प्रस्तुत भजन और गुरुवाणी ने वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। श्रद्धालुओं ने गुरु नानक देव जी के उपदेश “सत, करुणा, सेवा और समानता” — को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
सिखलाई गुरुद्वारे में भी हुआ विशेष आयोजन
सिखलाई इन्फैंट्री ज्वाइनिंग सेंटर गुरुद्वारे में भी अखंड पाठ का समापन अरदास और कीर्तन के साथ किया गया। स्टेशन कमांडर और अन्य सैन्य अधिकारी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। दोपहर बाद गुरुद्वारा परिसर में लंगर सेवा हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
लंगर में दिखी सेवा और समर्पण
लंगर सेवा में युवाओं से लेकर वरिष्ठ श्रद्धालु तक पूरी निष्ठा से शामिल रहे। प्रसाद वितरण से लेकर बर्तन साफ करने तक हर कार्य में सामूहिक सहयोग देखने को मिला। शाम होते ही नगर की गली-कूचों में भी प्रकाशोत्सव की रौनक दिखाई दी।






