औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप: डीएम-एसपी ने गैस एजेंसियों व पेट्रोल पंपों की जांच की

जनपद में पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता और उपभोक्ताओं को मिलने वाली सेवाओं की स्थिति परखने के लिए गुरुवार को जिलाधिकारी डॉ. आशुतोष कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने संयुक्त रूप से गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने गैस सिलेंडर की उपलब्धता, बुकिंग व्यवस्था तथा पेट्रोल-डीजल के स्टॉक की जानकारी लेते हुए संबंधित संचालकों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।

गैस एजेंसियों पर बुकिंग से डिलीवरी तक की व्यवस्था परखी

निरीक्षण के दौरान अधिकारी बलराम गैस सर्विस और जितेंद्र गैस सर्विस सहित अन्य गैस एजेंसियों पर पहुंचे। यहां उन्होंने घरेलू गैस सिलेंडरों की उपलब्धता, बुकिंग प्रक्रिया और उपभोक्ताओं तक डिलीवरी में लगने वाले समय की विस्तृत जानकारी ली। डीएम ने एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को समयबद्ध तरीके से गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या कृत्रिम कमी की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए।

पेट्रोल पंप पर स्टॉक जांच, सड़क सुरक्षा नियमों पर जोर

इसके बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने राधाकृष्ण फिलिंग स्टेशन का निरीक्षण कर पेट्रोल और डीजल के उपलब्ध स्टॉक की जांच की। अधिकारियों ने पेट्रोल पंप संचालकों से बिक्री और भंडारण संबंधी जानकारी ली तथा निर्देश दिए कि पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता बनाए रखने के साथ-साथ सुरक्षा मानकों का भी कड़ाई से पालन किया जाए।

बिना हेलमेट चालकों पर सख्त कार्रवाई

निरीक्षण के दौरान सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की भी जांच की गई। अधिकारियों ने पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देशित किया कि बिना हेलमेट आने वाले दुपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल न दिया जाए। इसी दौरान बिना हेलमेट बाइक चलाते पाए गए कई चालकों के चालान किए गए और उन्हें यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।

प्रशासन का दावा: पेट्रोलियम पदार्थों की पर्याप्त उपलब्धता

डीएम और एसपी ने निरीक्षण के बाद बताया कि जनपद में गैस, पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है। प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है ताकि आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनी रहे और आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान जिला पूर्ति अधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News