शताब्दी वर्ष में संघ का बड़ा मंथन: समालखा में तय होगी भविष्य की कार्ययोजना
Share your love

13-15 मार्च बैठक में संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले मौजूद रहेंगे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की सबसे महत्वपूर्ण और सर्वोच्च निर्णय लेने वाली इकाई, अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की वार्षिक बैठक इस वर्ष पानीपत जिले के समालखा में होने जा रही है। संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में होने वाली यह बैठक कई मायनों में ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की तीन दिवसीय बैठक आगामी 13, 14 और 15 मार्च को पट्टीकल्याणा स्थित माधव सृष्टि, ग्राम विकास एवं सेवा साधना केंद्र में आयोजित की जाएगी। संघ की दृष्टि से यह सर्वोच्च निर्णायक इकाई की बैठक है, जिसमें देश भर के प्रतिनिधि आगामी कार्ययोजना और राष्ट्रीय परिदृश्य पर चर्चा करेंगे।
सुनील आंबेकर करेंगे प्रेसवार्ता
बैठक की औपचारिक शुरुआत से पहले, 11 मार्च (बुधवार) दोपहर 12:30 बजे अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर बैठक स्थल के मुख्य द्वार के पास प्रेस ब्रीफिंग करेंगे। इस दौरान वे आगामी तीन दिनों तक चलने वाले सत्रों और प्रतिनिधि सभा के एजेंडे के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे।
शताब्दी वर्ष के अनुभवों पर विशेष चर्चा
शताब्दी अभियानों की समीक्षा: विजयादशमी उत्सव, गृहसंपर्क, हिंदू सम्मेलन और युवा सम्मेलनों जैसे अभियानों के अनुभवों को साझा किया जाएगा।
पंच परिवर्तन: समाज में अपेक्षित सामाजिक परिवर्तन के लिए ‘पंच परिवर्तन’ (सामाजिक समरसता, पर्यावरण, कुटुंब प्रबोधन, स्वदेशी और नागरिक कर्तव्य) के प्रयासों पर विशेष चर्चा होगी।
प्रस्ताव पारित: बैठक में वर्तमान राष्ट्रीय परिदृश्य पर चर्चा के साथ-साथ महत्वपूर्ण राष्ट्रीय विषयों पर प्रस्ताव भी पारित किए जाएंगे।
मोहन भागवत सहित 1489 शीर्ष कार्यकर्ता रहेंगे मौजूद
बैठक में संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, सभी सह-सरकार्यवाह और केंद्रीय कार्यकारिणी के सदस्य उपस्थित रहेंगे। इनके अलावा देश भर से निर्वाचित प्रतिनिधि और प्रांत व क्षेत्र स्तर के प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगे। कुल 1489 कार्यकर्ताओं की उपस्थिति अपेक्षित है। संघ से प्रेरित 32 विविध संगठनों के राष्ट्रीय अध्यक्ष, महामंत्री और संगठन मंत्री भी मंथन का हिस्सा बनेंगे।
आगामी कार्ययोजना का निर्धारण
बैठक के दौरान वर्ष 2025-26 के कार्यों की समीक्षा की जाएगी और आगामी वर्ष के लिए संघ शिक्षा वर्ग, कार्यकर्ता विकास वर्ग और अन्य प्रशिक्षण योजनाओं का खाका तैयार किया जाएगा। हरियाणा प्रांत के प्रचार प्रमुख राजेश कुमार ने बताया कि बैठक की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।






