कांग्रेस को झटका: शहर उपाध्यक्ष शुभ दीक्षित समेत कई युवा भाजपा में शामिल
Share your love

मंगलवार को उस समय हलचल तेज हो गई जब शहर कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष शुभ दीक्षित सहित कई युवा कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। आवास विकास स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा ने सभी नए सदस्यों को पार्टी का पटका पहनाकर औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल कराया। इस घटनाक्रम को स्थानीय राजनीति में कांग्रेस के लिए झटका और भाजपा के संगठनात्मक विस्तार के रूप में देखा जा रहा है। इस पूरे घटनाक्रम में सरदार तोषित प्रीत सिंह की भी महत्वपूर्ण भूमिका बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार उन्होंने इन युवा कार्यकर्ताओं को भाजपा की विचारधारा और संगठनात्मक कार्यप्रणाली से परिचित कराते हुए उन्हें पार्टी से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
कई युवा कार्यकर्ताओं ने बदली राजनीतिक पारी
भाजपा में शामिल होने वालों में शुभ दीक्षित के साथ गौरव शर्मा, अविरल मिश्रा, हृदयांश तिवारी, ऋतिक, स्वास्थ्य, रामजी दुबे, अंशुमान दीक्षित, राघवेंद्र शुक्ला, अनमोल मिश्रा और शिवेंद्र चौहान समेत कई युवा कार्यकर्ता शामिल रहे। पार्टी नेताओं के अनुसार इन युवाओं ने भाजपा की नीतियों और नेतृत्व में विश्वास जताते हुए सदस्यता ली है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि युवाओं के जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।
भाजपा नेतृत्व और नीतियों से प्रभावित होकर लिया फैसला
कार्यक्रम के दौरान जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रवादी विचारधारा के साथ सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है और विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए निरंतर काम कर रही है।
2027 चुनाव को लेकर संगठन विस्तार पर जोर
भाजपा जिलाध्यक्ष ने आगामी 2027 के विधानसभा और पंचायत चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि चुनाव में अब अधिक समय नहीं बचा है। ऐसे में संगठन का विस्तार और कार्यकर्ताओं की सक्रियता बेहद जरूरी है। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कई भाजपा पदाधिकारी रहे मौजूद
सदस्यता कार्यक्रम में पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार, जिला महामंत्री सुनील रावत, पूर्व मंडल अध्यक्ष राजकुमार वर्मा, जिला मंत्री धर्मेंद्र राजपूत, फर्रुखाबाद पूर्वी मंडल अध्यक्ष नरेंद्र आर्य, पूर्व सभासद डब्बू अग्निहोत्री, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, सरदार तोषित प्रीत सिंह, पिछड़ा मोर्चा जिला महामंत्री कृष्ण मुरारी राजपूत और अभिषेक बाथम सहित कई भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान नए सदस्यों का स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत बनाने की रणनीति पर भी चर्चा की गई।






