ऑफिसर्स क्लब में सजे मंच से 250 परिवारों को मिली रसोई की नई शुरुआत
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। फतेहगढ़ स्थित ऑफिसर्स क्लब में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में 250 चयनित लाभार्थियों को निःशुल्क रसोई गैस कनेक्शन वितरित किए गए। इस दौरान लाभार्थियों को सब्सिडी राशि का प्रतीकात्मक चेक भी प्रदान किया गया और मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया।
कार्यक्रम में सांसद मुकेश राजपूत और जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने लाभार्थियों को गैस कनेक्शन सौंपे। इस अवसर पर श्याम कुमार तिवारी, जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) सुरेंद्र यादव सहित कई अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन के अनुसार, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत अब तक फर्रुखाबाद में कुल 1,62,447 परिवारों को निःशुल्क गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए जा चुके हैं। योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों, विशेषकर महिलाओं को धुएं से मुक्त स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराना है।लाभार्थियों को दिवाली और होली जैसे प्रमुख त्योहारों पर दो निःशुल्क सिलेंडर देने की भी व्यवस्था की गई है, जिससे घरेलू खर्च का बोझ कम हो सके।
पूर्व व्यवस्था के तहत लाभार्थियों को गैस सिलेंडर के लिए 876 रुपये जमा करने होते थे। इसके बाद केंद्र सरकार की ओर से 323.24 रुपये तथा राज्य सरकार की ओर से 552.76 रुपये की सब्सिडी सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में हस्तांतरित की जाती थी। वर्तमान में चयनित लाभार्थियों को कनेक्शन सीधे निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि योजना का उद्देश्य ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को पारंपरिक ईंधन—लकड़ी और कोयले—से होने वाले धुएं के दुष्प्रभावों से बचाना और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देना है। साथ ही यह पहल स्वास्थ्य सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।






