कानपुर देहात में स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस के पहिए से निकली चिनगारी, सतर्कता से टला बड़ा हादसा
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। नई दिल्ली से लखनऊ जा रही स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब ट्रेन के एक पहिए से चिनगारी और धुआं निकलता दिखाई दिया। चालक की सतर्कता से ट्रेन को तुरंत रोक लिया गया, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका टल गई। घटना अंबियापुर और रूरा स्टेशन के बीच रूरा थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव के पास हुई। गार्ड ने जनरेटर कोच के आगे स्थित वातानुकूलित चेयर कार कोच के पहिए से धुआं उठता देखा और तुरंत कंट्रोलर व चालक को सूचना दी। इसके बाद चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को सुरक्षित रोक दिया। अचानक ट्रेन रुकने से यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई, लेकिन चालक और गार्ड ने अग्निशमन यंत्र की मदद से पहिए से निकल रही चिनगारी को तुरंत बुझा दिया।
सूचना पर रूरा स्टेशन से पहुंचे रेल कर्मियों ने जांच की, जिसमें ब्रेक शू जाम होने की बात सामने आई। रेल कर्मचारियों ने मौके पर ही ब्रेक शू बदलकर आवश्यक मरम्मत की। इसके बाद करीब 16 मिनट बाद ट्रेन को सकुशल आगे के लिए रवाना कर दिया गया।
स्टेशन अधीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि तकनीकी खराबी के चलते पहिए से धुआं उठा था, जिसे समय रहते ठीक कर लिया गया। सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और रेल यातायात पर कोई दीर्घकालिक असर नहीं पड़ा।






