कन्नौज में आलू के खेत में मिली जली युवती की लाश, जिंदा जलाकर हत्या की आशंका
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। एक बार फिर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सदर कोतवाली क्षेत्र के ऋतुकाला गांव के पास आलू के खेत में एक अज्ञात युवती का जला हुआ शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव की हालत इतनी भयावह थी कि पूरा शरीर जल चुका था, केवल चेहरा ही आंशिक रूप से पहचान के काबिल बचा है।
यह शव बलही गांव निवासी रामबाबू कुशवाहा के आलू के खेत में मिला, जो राष्ट्रीय राजमार्ग से करीब 200 मीटर अंदर स्थित है। बुधवार दोपहर रामबाबू के भाई अमर सिंह कुशवाहा खेत की ओर गए थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि कुछ कुत्ते एक स्थान पर मंडरा रहे हैं। पास जाकर देखने पर खेत में जला हुआ शव पड़ा मिला, जिसे देखकर वे घबरा गए। इसके बाद उन्होंने तत्काल ग्रामीणों को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। कुछ ही देर में पुलिस अधिकारी और भारी फोर्स मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर क्षेत्र की घेराबंदी की और जांच शुरू की। इसके साथ ही फोरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड और एसओजी टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने खेत और आसपास के इलाके से साक्ष्य जुटाए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ है कि युवती के शव को किसी ज्वलनशील पदार्थ से जलाया गया है। शरीर पूरी तरह झुलसा होने के कारण पहचान करना फिलहाल मुश्किल बना हुआ है। पुलिस का अनुमान है कि युवती की हत्या कहीं और की गई होगी और पहचान छुपाने के उद्देश्य से शव को खेत में लाकर जलाया गया है।
इस घटना ने जिले में करीब डेढ़ महीने पहले हुई एक अन्य सनसनीखेज वारदात की याद ताजा कर दी है। उस समय छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के निगोह गांव के पास हाईवे किनारे भी एक युवती का जला हुआ शव मिला था। उस मामले में पुलिस ने जांच के बाद उन्नाव जिले के दो युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दोनों घटनाओं के बीच कोई संबंध तो नहीं है।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों और पूरे घटनाक्रम का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।






