छात्र का शव फंदे से लटका मिला, पिता ने जताई हत्या की आशंका जांच में जुटी पुलिस

Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र स्थित होरा बांगर नई बस्ती में मंगलवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव घर के हॉल में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे जीतू यादव (25) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सुबह जब जीतू ने दोस्तों के फोन कॉल रिसीव नहीं किए, तो दोस्त उसके कमरे पर पहुंचे। दरवाजा खोलने पर हॉल में उसका शव लटका देख उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही बिठूर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

मृतक के पिता जयवीर सिंह, जो आर्मी से सेवानिवृत्त हैं, और बड़े भाई पुष्पेंद्र सिंह ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि जीतू सामान्य रूप से पढ़ाई कर रहा था और किसी तरह की परेशानी की जानकारी नहीं थी। उन्होंने मामले की निष्पक्ष और गहराई से जांच की मांग की है। पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलन कराया। जांच के दौरान कमरे से कुछ नशीली वस्तुएं और एक सुसाइड नोट भी बरामद किया गया है। पुलिस का कहना है कि नोट की हैंडराइटिंग और उसमें लिखी बातों की जांच की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके।

बिठूर थाना प्रभारी के अनुसार शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं आत्महत्या और परिजनों द्वारा जताई गई आशंकाको ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

फिलहाल युवक की मौत से परिवार में शोक का माहौल है, वहीं इलाके में भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News