मथुरा की नई मुख्य विकास अधिकारी बनीं डॉ. पूजा गुप्ता, ग्रामीण विकास को बताया प्राथमिकता

Share your love

संवाद 24 मथुरा। 2020 बैच की आईएएस अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता ने सोमवार को मथुरा जिले की मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) के रूप में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालते ही उन्होंने जिले में संचालित विकास योजनाओं को गति देने और विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास पर फोकस करने की बात कही

राजीव भवन स्थित सीडीओ कार्यालय में पीडी डीआरडीए एके उपाध्याय ने उन्हें पदभार ग्रहण कराया। इसके पश्चात डॉ. पूजा गुप्ता ने डीपीआरओ, डीडीओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों से परिचय किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास योजनाओं में यदि कहीं भी कोई बाधा आती है, तो अधिकारी आपसी समन्वय से उसका समाधान सुनिश्चित करें।

नवागत सीडीओ ने कहा कि जिले में चल रही योजनाओं की नियमित समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही विकास खंडों और ग्रामीण क्षेत्रों का निरीक्षण कर जमीनी स्तर पर कार्यों की प्रगति देखी जाएगी, ताकि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध रूप से पहुंच सके।

डॉ. पूजा गुप्ता इससे पूर्व गाजियाबाद में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के पद पर कार्यरत थीं। प्रशासनिक अनुभव के आधार पर उनसे मथुरा जिले में विकास कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

डॉ. पूजा गुप्ता मूल रूप से दिल्ली की निवासी हैं। उनके पति शक्ति अवस्थी भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी हैं और वर्तमान में नोएडा में एडिशनल डीसीपी के पद पर कार्यरत हैं।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News