केंद्रीय बजट 2026 से उत्तर प्रदेश को मिली विकास की नई रफ्तार, हाई-स्पीड रेल से मजबूत होगी कनेक्टिविटी
Share your love

संवाद 24 लखनऊ। केंद्रीय बजट 2026 में उत्तर प्रदेश के लिए कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की घोषणा की गई है। इन प्रावधानों से प्रदेश में आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने के साथ-साथ आधारभूत संरचना के विस्तार को भी बल मिलेगा। विशेष रूप से परिवहन, औद्योगिक विकास और क्षेत्रीय संतुलन पर केंद्रित योजनाएं उत्तर प्रदेश के विकास को नई दिशा देने वाली मानी जा रही हैं।
बजट में घोषित सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोरों में से दो प्रमुख कॉरिडोर उत्तर प्रदेश से होकर गुजरेंगे। इनमें दिल्ली-वाराणसी और वाराणसी-सिलीगुड़ी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने पर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से पूर्वांचल और पूर्वी भारत तक रेल यात्रा तेज, सुरक्षित और अधिक सुविधाजनक हो जाएगी, जिससे व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
टियर-टू और टियर-थ्री शहरों के विकास पर विशेष जोर दिया गया है। पूर्वांचल, काशी क्षेत्र और बुंदेलखंड सहित कई इलाकों में ‘इकोनॉमिक रीजन (सीईआर)’ योजना की शुरुआत की जाएगी। इसके माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और लोगों की बड़े महानगरों पर निर्भरता में कमी आने की उम्मीद है।
वाराणसी में इनलैंड वाटरवेज शिप रिपेयर इकोसिस्टम स्थापित करने की भी घोषणा की गई है। इससे जल परिवहन को मजबूती मिलेगी और गंगा नदी आधारित आर्थिक गतिविधियों को विस्तार मिलेगा। यह पहल क्षेत्रीय उद्योगों के लिए सहायक सिद्ध हो सकती है।
विशेषज्ञों का मानना है कि बजट में किए गए ये प्रावधान उत्तर प्रदेश को औद्योगिक और लॉजिस्टिक हब के रूप में विकसित करने में अहम भूमिका निभाएंगे। बेहतर कनेक्टिविटी, क्षेत्रीय विकास और बुनियादी ढांचे में निवेश से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को दीर्घकालिक लाभ मिलने की संभावना जताई जा रही है।






