इटावा-बरेली हाईवे किनारे खाली प्लॉट में मिला नवजात का शव, जांच में जुटी पुलिस

संवाद 24 संवाददाता। जनपद के फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जब इटावा-बरेली हाईवे से सटे एक खाली प्लॉट में नवजात का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने शव देखे जाने के बाद तत्काल डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

यह घटना मसेनी चौराहे के पास स्थित हाईवे किनारे खाली प्लॉट की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नवजात पुरुष था और गर्भावस्था की अवधि लगभग नौ माह प्रतीत हो रही थी। प्राथमिक तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि बच्चे का जन्म हाल ही में हुआ था। हालांकि, मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
सूचना मिलते ही फतेहगढ़ कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर शव का पंचनामा भरते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

फतेहगढ़ कोतवाली के क्राइम इंस्पेक्टर ने बताया कि नवजात का शव बरामद हुआ है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और क्षेत्रीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र में यह दूसरा मामला है। इससे एक दिन पूर्व शनिवार को भी इसी क्षेत्र से एक नवजात का शव बरामद हुआ था, जिसका पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद अंतिम संस्कार किया गया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने पुलिस और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले में दोषियों की पहचान कर सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News