
संवाद 24 लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने महोबा में एक भाजपा विधायक द्वारा अपनी ही सरकार के मंत्री को रोके जाने की घटना और अयोध्या में हुई बुलडोजर कार्रवाई को लेकर सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं।
अखिलेश यादव ने अपने बयान में कहा कि भाजपा जिस “डबल इंजन सरकार” की बात करती है, वहां अब इंजन ही नहीं बल्कि डिब्बे भी आपस में टकरा रहे हैं। उन्होंने महोबा की घटना को सरकार के अंदरूनी असंतोष का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह दिखाता है कि सत्ताधारी दल के विधायक खुद सरकार से संतुष्ट नहीं हैं।
सपा प्रमुख ने ‘महा समाचार: स्वतंत्र बने बंधक!’ शीर्षक के साथ सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि जब एक ही पार्टी का विधायक अपनी ही सरकार के मंत्री को रोकने की स्थिति में आ जाए, तो यह सत्ता के कमजोर होते जाने का संकेत है। उन्होंने दावा किया कि यह केवल एक उदाहरण है और प्रदेश की कई विधानसभा सीटों पर यही स्थिति बनी हुई है।
इसके साथ ही अखिलेश यादव ने अयोध्या में हुई बुलडोजर कार्रवाई पर भी सवाल उठाते हुए इसे अन्यायपूर्ण और पक्षपातपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि सरकार की कार्रवाइयों में समानता और न्याय का अभाव दिखाई देता है, जिससे आम जनता में असंतोष बढ़ रहा है।
अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि मौजूदा हालात को देखते हुए भाजपा की सत्ता “पटरी से उतरती हुई” नजर आ रही है और आने वाले चुनावों में पार्टी को प्रत्याशी तक ढूंढने में कठिनाई का सामना करना पड़ सकता है।






