गणतंत्र दिवस पर पुलिस लाइन में औद्योगिक मंत्री नंदी ने फहराया तिरंगा, पुलिसकर्मियों का हुआ सम्मान

संवाद 24 संवाददाता। कानपुर में 76वें गणतंत्र दिवस का आयोजन पूरे हर्षोल्लास और गरिमा के साथ किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ पुलिस लाइन में आयोजित मुख्य समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। मंत्री ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली और उपस्थित अधिकारियों, पुलिसकर्मियों व नागरिकों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।

समारोह के दौरान पुलिस की अनुशासित मार्चपास्ट ने दर्शकों को प्रभावित किया। मंत्री नंदी ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस बल समाज की रीढ़ है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में उनका योगदान अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था के कारण ही औद्योगिक निवेश बढ़ रहा है और प्रदेश विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

इस अवसर पर उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। शहर की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में अहम भूमिका निभाने पर डीसीपी साउथ और डीसीपी सेंट्रल को राष्ट्रपति पुलिस पदक प्रदान किया गया। इसके अलावा कमिश्नरेट के पांच पुलिसकर्मियों को महाकुंभ सेवा मेडल व प्रशस्ति पत्र से नवाजा गया। वहीं, 19 अन्य पुलिसकर्मियों को गोल्ड एवं सिल्वर प्रशंसा चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

उधर, कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी ने ध्वजारोहण कर संविधान की गरिमा और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति निष्ठा का संदेश दिया। इसी क्रम में घाटमपुर तहसील परिसर में आयोजित समारोह में एसडीएम अविचल प्रताप सिंह ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के दौरान तहसीलदार अंकिता पाठक सहित समस्त तहसील कर्मी मौजूद रहे।

गणतंत्र दिवस के इन आयोजनों ने न केवल देशभक्ति की भावना को प्रबल किया, बल्कि प्रशासन और पुलिस बल के समर्पण को भी उजागर किया। समारोह राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों को याद दिलाने वाला और प्रेरणादायक रहा।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *