चाची के आने पर प्रेमी को बक्से में छिपाया, 45 मिनट तक रहा बंद पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया

संवाद 24 संवाददाता। चकेरी थाना क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार को प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। यहां एक युवती ने चाची के अचानक घर पहुंचने पर अपने प्रेमी को बक्से में छिपा दिया, जहां वह करीब 45 मिनट तक बंद रहा। बाद में शक होने पर पुलिस को सूचना दी गई और बक्सा खुलवाने पर युवक अंदर से बरामद हुआ।

जानकारी के अनुसार, युवती का इलाके में रहने वाले एक युवक से पिछले कुछ वर्षों से प्रेम संबंध है। शुक्रवार सुबह युवती का बड़ा भाई ट्रैक्टर लेकर बाहर गया हुआ था, जबकि मां फैक्टरी में काम करने चली गई थी। घर में अकेली होने पर युवती ने प्रेमी को मिलने के लिए बुला लिया।

दरवाजा नहीं खोला, बढ़ा शक
कुछ देर बाद पड़ोस में रहने वाली चाची घर पहुंचीं और दरवाजा खटखटाया। युवती ने दरवाजा नहीं खोला, जिससे चाची को शक हुआ। उन्होंने युवती के भाई और मां को फोन कर इसकी जानकारी दी। भाई के घर पहुंचने पर भी युवती का व्यवहार सामान्य नहीं था, जिस पर पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस के समझाने पर युवती ने दरवाजा खोला। घर की तलाशी ली गई, लेकिन युवक नजर नहीं आया। इसी दौरान बक्से के भीतर से आहट सुनाई दी। जब परिजनों ने बक्सा खोलने के लिए कहा तो युवती विरोध करने लगी और चाबी देने से इनकार कर दिया।

बक्सा खुलते ही निकला युवक
पुलिस की मौजूदगी में बक्सा खुलवाया गया, तो उसके अंदर से युवक बाहर निकला। पुलिस युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस कर रही जांच
थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि युवक से पूछताछ जारी है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *