ढाई घाट मेले में बड़ा हादसा टला: आश्रम में आग, तीन झोपड़ियां जलकर राख

संवाद 24 संवाददाता।ढाई घाट मेले के दौरान आश्रम क्षेत्र में आग लगने की घटना सामने आई, जिसमें साधु मौज नाथ गिरी की तीन झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। घटना में झोपड़ियों में रखा घरेलू सामान, पूजा सामग्री और अन्य आवश्यक वस्तुएं नष्ट हो गईं। आग पर समय रहते काबू पा लेने से बड़ा हादसा टल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, साधु मौज नाथ गिरी लंबे समय से ढाई घाट पर आश्रमनुमा झोपड़ियों में निवास कर रहे हैं। सोमवार रात करीब 8:30 बजे झोपड़ी में जल रहे दीपक से अचानक आग भड़क उठी। तेज लपटों ने कुछ ही मिनटों में पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया और पास में बनी दो अन्य झोपड़ियों तक आग फैल गई।

आग की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई। शमसाबाद थाना प्रभारी रमेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। वहीं दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

दमकल कर्मियों की तत्परता के चलते आग आसपास के अन्य अस्थायी निर्माणों और मेले क्षेत्र में फैलने से पहले ही बुझा दी गई। अधिकारियों के अनुसार यदि आग पर समय रहते नियंत्रण नहीं पाया जाता तो बड़ा नुकसान हो सकता था।

साधु मौज नाथ गिरी के अनुसार, इस आगजनी में लगभग एक लाख रुपये मूल्य का सामान जलकर नष्ट हो गया है। इसमें दैनिक उपयोग की वस्तुएं, बर्तन, कपड़े और पूजा सामग्री शामिल हैं।

पुलिस प्रशासन ने बताया कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण दीपक से उठी चिंगारी माना जा रहा है। मामले की आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News