
संवाद 24 संवाददाता। कायमगंज–फर्रुखाबाद मार्ग पर स्थित गांव गंगलऊ में गुरुवार देर शाम एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई। कलुआपुर पुलिया के पास बने एक फार्मासिस्ट के मकान में घुसे बदमाशों ने घर में मौजूद बुजुर्ग महिला की कनपटी पर तमंचा रखकर जेवर उतरवाए और करीब एक लाख रुपये कीमत का सामान लूट लिया। वारदात के बाद बदमाश मुख्य गेट की बाहर से कुंडी बंद कर मौके से फरार हो गए।
पीड़ित फार्मासिस्ट सुदेश कुमार निवासी गांव कांधेमई, थाना नवाबगंज ने बताया कि उन्होंने नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव गंगलऊ में कायमगंज–फर्रुखाबाद मार्ग किनारे मकान बनवाया है, जहां मेडिकल स्टोर के साथ किराना की दुकान भी संचालित है। गुरुवार शाम वह अपने माता-पिता को मकान पर छोड़कर गांव चले गए थे। उसी दौरान बदमाशों ने मौका पाकर घर में प्रवेश किया।
घर में मौजूद मां सुशीला देवी और पिता महावीर प्रसाद के अनुसार, बदमाशों ने पहले डराने-धमकाने के बाद महिला की कनपटी पर तमंचा सटाकर पहने हुए जेवर उतरवाए। इसके बाद अलमारी व अन्य सामान खंगालकर नकदी और कीमती वस्तुएं समेट लीं। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश बाहर से मुख्य दरवाजे की कुंडी बंद कर फरार हो गए, जिससे परिजन कुछ समय तक मदद के लिए बाहर भी नहीं निकल सके।
घटना की सूचना मिलने पर नवाबगंज और शमसाबाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन घटनास्थल को लेकर दोनों थानों के बीच करीब 10 घंटे तक सीमा विवाद चलता रहा। इस दौरान न तो तत्काल मुकदमा दर्ज हो सका और न ही ठोस कार्रवाई आगे बढ़ पाई। बाद में क्षेत्राधिकारी के निर्देश पर लेखपाल को बुलाया गया।
लेखपाल द्वारा की गई स्थल जांच और प्रस्तुत लिखित रिपोर्ट के बाद स्पष्ट हुआ कि घटनास्थल नवाबगंज थाना क्षेत्र में आता है। इसके बाद नवाबगंज पुलिस ने मामले को अपने संज्ञान में लिया। पुलिस का कहना है कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और बदमाशों की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में जांच-पड़ताल तथा संभावित सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द खुलासे की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।






