तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर ट्रॉली पलटी, चालक परिचालक गंभीर घायल

Share your love

संवाद 24 संवाददाता। प्रयागराज नेशनल हाईवे पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। महाराजपुर थाना क्षेत्र के आईटीबीपी परिसर के पास तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से ट्रैक्टर ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर चालक गुड्डू और परिचालक अखिलेश गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस टीम ने तत्काल सरसौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

जानकारी के अनुसार, घायल चालक और परिचालक फतेहपुर जिले के रासुपुर गांव के निवासी हैं। वे ट्रैक्टर ट्रॉली में मौरंग और ईंट लादकर कोयला नगर, कानपुर जा रहे थे। इसी दौरान फतेहपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रॉली में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर ट्रॉली क्षतिग्रस्त हो गई और उस पर लदा मौरंग व ईंटें हाईवे पर बिखर गईं।

हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर बिखरे मौरंग और ईंटों के कारण वाहनों को निकलने में परेशानी हुई और यातायात धीमा हो गया। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची। क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर ट्रॉली को सड़क से किनारे हटवाया गया और दूसरे ट्रैक्टर की मदद से मौरंग व ईंटें साफ कराकर यातायात को सुचारू कराया गया। महाराजपुर थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि अब हाईवे पर यातायात सामान्य है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News