नोट गिनते-गिनते थक गए अधिकारी, 20 करोड़ से ज्यादा के आभूषण बरामद जांच में खुलते जा रहे काले कारोबार के राज

Share your love

संवाद 24 संवाददाता। आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई में खाद्य उत्पाद और डेयरी सेक्टर से जुड़े कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी का सिलसिला दूसरे दिन भी जारी रहा। धौलपुर फ्रेश ब्रांड से घी बनाने वाले भोले बाबा डेयरी ग्रुप समेत देशभर के पांच बड़े कारोबारियों की फर्मों पर हुई इस कार्रवाई में चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं।

अब तक की जांच में अकेले भोले बाबा मिल्क फूड्स धौलपुर ग्रुप के एक ठिकाने से 20 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के सोने, चांदी और हीरे के आभूषण बरामद किए गए हैं। इसके अलावा अन्य ठिकानों पर भी बड़ी मात्रा में आभूषण मिले हैं, जिनका मूल्यांकन आयकर विभाग की टीमें कर रही हैं। सूत्रों के अनुसार, छापेमारी के दौरान अधिकारियों को करोड़ों रुपये की नकदी भी हाथ लगी है, जिसकी गिनती और दस्तावेजी मिलान का काम लगातार जारी है।

हाईटेक तरीके से हो रही जांच
आयकर अधिकारी केवल नकदी और आभूषणों तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि सभी ठिकानों से मिले बहीखातों का मिलान ई-वे बिल, टोल प्लाजा रिकॉर्ड और आवासीय व व्यावसायिक परिसरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से किया जा रहा है। इससे लेन-देन की वास्तविक तस्वीर सामने लाने की कोशिश की जा रही है।

धौलपुर ग्रुप के साथ-साथ मिलावटी घी बनाने के आरोपों में घिरी दाऊजी मिल्क प्रोडक्ट्स और पोद्दार मिल्क प्रोडक्ट्स की फर्मों पर भी जांच का शिकंजा कसता जा रहा है। इनके उत्पादों की सप्लाई कई जिलों में होने के दस्तावेज आयकर टीमों को मिले हैं। इसके अलावा बीकानेर के आशीष अग्रवाल ग्रुप और जोधपुर के मलानी ग्रुप के ठिकानों पर भी गहन तलाशी ली जा रही है।

बेनामी संपत्ति और विदेशी निवेश के सबूत
सूत्रों के मुताबिक, छापेमारी के दौरान बेनामी संपत्तियों और विदेशी निवेश से जुड़े अहम साक्ष्य भी हाथ लगे हैं। आगरा निवासी कारोबारी कृष्ण मुरारी अग्रवाल, गोविंद व तरुण अग्रवाल, हरिशंकर अग्रवाल, जितेंद्र और वीरेंद्र अग्रवाल के आगरा, कानपुर, अलीगढ़ और गौतमबुद्ध नगर स्थित आवासीय व व्यावसायिक परिसरों की भी तलाशी ली गई,

जहां से कई अहम दस्तावेज जब्त किए गए।
आठ जिलों में मिलावटी घी की सप्लाई के प्रमाण
कमला नगर निवासी गौरव बंसल की दाऊजी मिल्क प्रोडक्ट्स और सिरसागंज स्थित पोद्दार मिल्क प्रोडक्ट्स से जुड़े दस्तावेजों में आठ जिलों में मिलावटी घी की सप्लाई के सबूत मिले हैं। आयकर अधिकारियों ने मौखिक रूप से खाद्य विभाग को इसकी जानकारी दे दी है, हालांकि खाद्य विभाग आयकर जांच पूरी होने और लिखित सूचना का इंतजार कर रहा है।

35 ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई आयकर विभाग कानपुर जोन के प्रधान निदेशक (अन्वेषण) पीयूष कोठारी के निर्देश पर की जा रही है। आयकर उप निदेशक हार्दिक अग्रवाल के नेतृत्व में 150 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों की टीमें आगरा, कानपुर, मथुरा, भरतपुर, अलीगढ़, गौतमबुद्ध नगर, दिल्ली, धौलपुर, बीकानेर, जोधपुर, दौसा और फिरोजाबाद समेत कुल 35 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर रही हैं।

फिलहाल जांच जारी है और आयकर विभाग के अधिकारी रेड पूरी होने तक आधिकारिक बयान देने से बच रहे हैं। माना जा रहा है कि जांच के समाप्त होने के बाद इस पूरे नेटवर्क से जुड़े बड़े आर्थिक घोटाले का खुलासा हो सकता है।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News