घने कोहरे में हाईवे पर भीषण टक्कर, डंपर चालक तीन घंटे बाद केबिन से सुरक्षित निकाला गया

संवाद 24 संवाददाता। कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात घने कोहरे ने एक बार फिर जानलेवा रूप दिखाया। नरवल मोड़ पर कानपुर–प्रयागराज नेशनल हाईवे पर खड़े एक वाहन में पीछे से आ रहा डंपर जा भिड़ा। टक्कर इतनी तेज थी कि डंपर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक अंदर फंस गया।

हादसे में घायल डंपर चालक की पहचान अजय (40) पुत्र सतवीर, निवासी ग्राम विटवारा, जिला हिसार (हरियाणा) के रूप में हुई है। वह फतेहपुर से कानपुर की ओर जा रहा था। टक्कर के बाद केबिन चकनाचूर हो गया और चालक बाहर निकलने में असमर्थ हो गया।

तीन घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
फायर ब्रिगेड प्रभारी राहुल नंदन ने बताया कि 17 जनवरी की रात करीब एक बजे मिनी कंट्रोल से सूचना मिली। सूचना मिलते ही एफएस हर्बल यूनिट, नरवल फायर स्टेशन और कर्नलगंज फायर स्टेशन की टीमें मौके पर पहुंचीं। कटर और अन्य रेस्क्यू उपकरणों की मदद से केबिन को काटकर करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायल अजय को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

छह किलोमीटर तक लगा जाम
दुर्घटना के चलते कानपुर–प्रयागराज नेशनल हाईवे पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। करीब तीन घंटे तक हाईवे पर भीषण जाम लगा रहा, जो लगभग छह किलोमीटर तक फैल गया। एनएचएआई और पुलिस टीमों ने संयुक्त प्रयास कर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और यातायात बहाल कराया।

महाराजपुर थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि फिलहाल हाईवे पर यातायात सामान्य है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *