यूपी में शीतलहर का कहर, 12वीं तक के सभी स्कूल 5 जनवरी तक बंद; सीएम योगी ने दिए सख्त निर्देश
Share your love

संवाद 24 लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और भीषण शीतलहर को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश भर में कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूलों को 5 जनवरी तक बंद करने के निर्देश जारी किए गए हैं। यह आदेश यूपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई समेत सभी बोर्डों पर लागू होगा। मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि शीतलहर के दौरान बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद प्रदेश के सभी परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों, सहायता प्राप्त विद्यालयों और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। लखनऊ सहित कई जिलों के जिलाधिकारियों ने भी मुख्यमंत्री के आदेश के अनुपालन में अलग-अलग आदेश जारी कर स्कूलों को बंद कराया है।
सीएम योगी ने शासन और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को फील्ड में उतरकर हालात का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर अलाव और कंबलों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि ठंड से कोई भी व्यक्ति प्रभावित न हो।
मुख्यमंत्री ने रैन बसेरों को लेकर भी सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोई भी व्यक्ति कड़ाके की ठंड में खुले में सोने को मजबूर न हो। सभी रैन बसेरों में बिस्तर, कंबल, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक सुविधाएं पूरी तरह उपलब्ध कराई जाएं। जरूरतमंदों को समय पर राहत सामग्री और आश्रय मिले, इसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
प्रदेश के कई जिलों में ठंड ने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। बीते 24 घंटों में बाराबंकी का न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान रहा। मेरठ में दिन का तापमान 14.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे वेस्ट यूपी में सर्द दिन जैसी स्थिति बनी रही। गोरखपुर में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री, हरदोई में 4.5 डिग्री, अयोध्या में 5.0 डिग्री, सुलतानपुर में 5.2 डिग्री और बरेली में 5.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। कानपुर में भी रात का पारा 5.6 डिग्री तक गिर गया।
मौसम विभाग के अनुसार पछुआ हवाओं के चलते दिन में भी धूप बेअसर बनी हुई है। बस्ती, आगरा, अलीगढ़, इटावा और फतेहगढ़ समेत कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री नीचे दर्ज किया गया है। ठंड और शीतलहर को देखते हुए प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा गया है।






