दर्दनाक सड़क हादसे में परिवार की इकलौती कमाऊ बेटी की मौत, तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने छीन ली जिंदगी

संवाद 24 संवाददाता। शहर में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। रविवार सुबह पुराना शिवली रोड पर गूबा गार्डन के पास एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से स्कूटर सवार एक 29 वर्षीय युवती की मौत हो गई। मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

मृतका की पहचान बिठूर थाना क्षेत्र के चकरतनपुर गांव निवासी दिव्या के रूप में हुई है। दिव्या आवास विकास क्षेत्र में स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत थीं। सुबह वह हमेशा की तरह स्कूटर से ड्यूटी के लिए घर से निकली थीं। उनके पिता बिहारीलाल ने बताया कि वर्ष 2023 में उनके इकलौते बेटे की बीमारी से मौत हो गई थी। उसके बाद से दिव्या ही परिवार की इकलौती सहारा थीं। घर की सारी जिम्मेदारियां वह अकेले संभाल रही थीं। इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। घर में मातम पसरा हुआ है और परिजन बदहवास रोते-बिलखते नजर आ रहे हैं।

हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल दिव्या को तुरंत एलएलआर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी राजेंद्र कांत शुक्ल ने बताया कि ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया है और उसके मालिक को हिरासत में लिया गया है। हालांकि, चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *