प्रयागराज में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, मां-बेटियों की बेरहमी से पिटाई, FIR न होने का आरोप
Share your love

संवाद 24 डेस्क। प्रयागराज में जमीन विवाद को लेकर दबंगों द्वारा एक महिला और उसकी बेटियों के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि दबंगों ने न सिर्फ मां-बेटियों को जमीन पर पटककर लात-घूंसे मारे, बल्कि उनके कपड़े भी फाड़ दिए और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता का दावा है कि शिकायत के बावजूद पुलिस FIR दर्ज नहीं कर रही है। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
मामला नवाबगंज थाना क्षेत्र के गनीपुर मेडारा गांव का है। वायरल वीडियो में साफ दिखाई देता है कि 3 से 4 पुरुष एक महिला को जमीन पर गिराकर बेरहमी से पीट रहे हैं। बीच-बचाव के लिए आई उसकी बेटियों को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा और उनके साथ भी मारपीट की।
पीड़िता का आरोप
पीड़ित महिला ने बताया कि वह अपनी बेटियों के साथ अकेले रहती है। उनके पति का निधन वर्ष 2007 में हो चुका है। महिला का आरोप है कि पड़ोसी उनकी जमीन पर अवैध रूप से बोरिंग लगाकर कब्जा करना चाहते हैं और घर में पुरुष सदस्य न होने का फायदा उठा रहे हैं।
महिला के अनुसार, 25 दिसंबर को पड़ोसी अपने परिवार के लोगों के साथ उनके घर पहुंचे, गाली-गलौज की और जबरन बाहर बुलाया। बाहर निकलते ही बेटियों के साथ मारपीट शुरू कर दी गई। इसके बाद सभी को खेत की ओर खींचकर ले जाया गया, जहां लात-घूंसे मारे गए। महिला ने आरोप लगाया कि बेटियों के कपड़े फाड़े गए और उनके साथ जबरदस्ती की कोशिश भी की गई।
FIR न दर्ज होने का आरोप
पीड़िता का कहना है कि घटना के दिन ही वह मंसूराबाद पुलिस चौकी पहुंची थी, लेकिन वहां FIR दर्ज नहीं की गई। अगले दिन दोबारा शिकायत करने के बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़िता और उसके परिवार ने नवाबगंज थाने में तहरीर दी है।
पुलिस का बयान
इस मामले पर एसीपी सोरांव श्यामजीत प्रमिला सिंह ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है, हालांकि प्रारंभिक स्तर पर चौकी क्षेत्र को लेकर स्पष्टता नहीं हो सकी थी। पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है और जल्द ही आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं।






