
संवाद 24 लखनऊ। राजधानी लखनऊ के बसंतकुंज क्षेत्र में विकसित 65 एकड़ में फैला राष्ट्र प्रेरणा स्थल नए साल से आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने इसे 1 जनवरी से नियमित रूप से संचालित करने का निर्णय लिया है।
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, पूरे पार्क परिसर में प्रवेश के लिए 20 से 30 रुपये तक का टिकट निर्धारित किया जा सकता है। वहीं, परिसर में बने म्यूजियम को देखने के लिए अलग से टिकट लेना होगा। टिकट दरों को लेकर अंतिम निर्णय जल्द लिया जाएगा।
राष्ट्र प्रेरणा स्थल का लोकार्पण 25 दिसंबर को प्रधानमंत्री द्वारा किया गया था। इसके बाद प्रशासनिक तैयारियां पूरी होने पर इसे आम लोगों के लिए खोलने की योजना बनाई गई। स्थल के संचालन और रखरखाव का खर्च टिकट से होने वाली आय और कॉरपस फंड के ब्याज से पूरा किया जाएगा।
प्राधिकरण के अनुसार, कॉरपस फंड के तहत 75 करोड़ रुपये सुरक्षित रखे गए हैं, जिसमें 25 करोड़ रुपये ब्याज से और 50 करोड़ रुपये शासन स्तर से उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा, स्थल की निगरानी और रखरखाव के लिए दो अवर अभियंताओं की तैनाती की गई है।
राष्ट्र प्रेरणा स्थल के संचालन को लेकर शासन स्तर पर एक समिति का गठन किया गया है। समिति में आवास विकास विभाग के प्रमुख सचिव को अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष सचिव की भूमिका निभाएंगे। समिति में वित्त, नगर विकास, पर्यटन, संस्कृति, लोक निर्माण विभाग और लखनऊ मंडल के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं।
प्राधिकरण का कहना है कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल को सुव्यवस्थित और सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।






