खेलों से मिली ऊर्जा ने दी 19 हजार किमी की यात्रा की ताकत आगरा में बोले उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, खिलाड़ियों को किया सम्मानित

संवाद 24 संवाददाता। खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, धैर्य और चरित्र निर्माण का सशक्त जरिया हैं। खेलों से मिली ऊर्जा के कारण ही मैं तमिलनाडु से ओडिशा तक लगभग 19 हजार किलोमीटर की यात्रा पूरी कर सका। यह बातें उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने बुधवार को आगरा में कहीं।

उपराष्ट्रपति बुधवार को वायुसेना स्टेशन आगरा पहुंचे, जहां केंद्रीय पंचायती राज राज्य मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वह एकलव्य स्टेडियम पहुंचे, जहां आयोजित सांसद खेल महोत्सव के विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान खिलाड़ियों ने उपराष्ट्रपति के समक्ष मल्लखंभ का शानदार प्रदर्शन भी किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि वह स्वयं स्कूल और कॉलेज के समय से खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने धावक और टेबल टेनिस जैसे खेल खेले हैं। खेलों से मिली ऊर्जा ने उन्हें जीवन में निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को केवल जीत-हार नहीं, बल्कि अनुशासन, धैर्य, आत्मविश्वास और राष्ट्र के प्रति समर्पण भी सिखाते हैं।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव जैसी प्रतियोगिताएं देश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का काम कर रही हैं। युवाओं को खेल को केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि जीवन निर्माण का माध्यम समझना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों से तिरंगे की गरिमा को सदैव ऊंचा रखने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि आर्थिक विकास जरूरी है, लेकिन मानव संसाधन और खेलों का विकास भी उतना ही महत्वपूर्ण है। वर्ष 2014 के बाद देश में खेलों को लेकर बुनियादी ढांचे और नीतियों में सुधार हुआ है, जिसका परिणाम अंतरराष्ट्रीय मंचों पर दिख रहा है। पहले भारत का ध्यान केवल हॉकी तक सीमित था, लेकिन अब लगभग हर खेल में देश पदक जीत रहा है। महिलाओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रूप से बढ़ी है, अस्मिता महिला लीग में दो लाख से अधिक महिलाओं की सहभागिता इसका उदाहरण है।

समाज में बढ़ती विकृतियों पर चिंता जताते हुए उपराष्ट्रपति ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त युवा ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं। अभिभावकों और शिक्षकों को चाहिए कि वे बच्चों को खेलों की ओर प्रेरित करें, ताकि उनका भविष्य सुरक्षित और उज्ज्वल बन सके।

कार्यक्रम के दौरान उपराष्ट्रपति ने स्टेडियम परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण भी किया। मंच पर उनके साथ केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, सांसद राजकुमार चाहर, राज्यसभा सदस्य नवीन जैन, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम ने आगरा में खेल प्रतिभाओं को नई ऊर्जा और राष्ट्रीय पहचान की दिशा में मजबूत संदेश दिया।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *