अलाव में पेट्रोल की बोतल डालने से हादसा, आग की चपेट में आया मासूम; 100 मीटर तक दौड़ता रहा बच्चा
Share your love

संवाद 24 डेस्क। अलीगढ़ में रविवार रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां खेलते समय अलाव में पेट्रोल की बोतल डालने से एक मासूम बच्चा आग की चपेट में आ गया। घटना के बाद बच्चा आग में लिपटा हुआ गली में करीब 100 मीटर तक दौड़ता रहा। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाकर उसकी जान बचाई।
घटना थाना रोरावर क्षेत्र के माबूद नगर मोहल्ले की है। कड़ाके की ठंड के कारण गली के एक कोने में लोगों ने अलाव जलाया था, लेकिन बाद में आग को पूरी तरह बुझाए बिना चले गए। वहीं पास में पेट्रोल से भरी एक बोतल भी पड़ी रह गई। इसी दौरान दो बच्चे खेलते-खेलते वहां पहुंचे और पेट्रोल की बोतल अलाव में डाल दी।
बोतल डालते ही तेज धमाका हुआ और एक बच्चा आग की लपटों में घिर गया। घबराहट में वह जान बचाने के लिए गली में दौड़ने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसके जले हुए कपड़े हटाए और अपने कपड़ों की मदद से आग पर काबू पाया। इसके बाद बच्चे को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में इलाज के बाद बच्चे की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने खुले में अलाव जलाने और ज्वलनशील पदार्थ लापरवाही से छोड़ने पर चिंता जताई है।






