जहरीला कफ सिरप मामला : गिरफ्तार आरोपियों के तार सपा से जुड़े माफियाओं से, सीएम योगी का तीखा हमला
Share your love

संवाद 24। उत्तर प्रदेश में सामने आए जहरीले कफ सिरप कांड को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर बड़ा और सीधा हमला बोला है। विधानमंडल सत्र के पहले दिन सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस गंभीर मामले में अब तक जिन लोगों की गिरफ्तारी हुई है, उनके संबंध समाजवादी पार्टी से जुड़े माफियाओं से सामने आए हैं।
मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। यूपी एसटीएफ और यूपी पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में कई अहम गिरफ्तारियां हुई हैं। इस पूरे प्रकरण की जांच राज्यस्तरीय विशेष जांच टीम (एसआईटी) कर रही है, जिसमें यूपी पुलिस और खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) के अधिकारी शामिल हैं। जांच के दौरान यह भी सामने आएगा कि किन-किन लोगों तक अवैध धन पहुंचा और किस स्तर पर लापरवाही या साजिश हुई।
उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने पर सच्चाई पूरी तरह जनता के सामने होगी। मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि अगर समाजवादी पार्टी इस मुद्दे को सदन के अंदर उठाती है तो वहां जवाब दिया जाएगा और अगर बाहर सवाल खड़े किए गए तो उसका भी उचित जवाब दिया जाएगा।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि माफियाओं के साथ उनकी तस्वीरें भी सामने आई हैं और जांच में सभी तथ्य उजागर होंगे। उन्होंने एक शेर के माध्यम से भी विपक्ष पर कटाक्ष किया।
विधानमंडल सत्र को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर विषय पर चर्चा के लिए तैयार है और प्रत्येक सवाल का जवाब देने की जिम्मेदारी निभाएगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ पर विशेष चर्चा का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए सभी दलों से सहयोग का अनुरोध किया गया है।
सत्र के पहले दिन सदन में सभी दलों के नेताओं ने दिवंगत सपा विधायक सुधाकर सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की और समाज के लिए उनके योगदान को याद किया।






