कोहरे का कहर: एक्सप्रेस-वे से फोरलेन तक यूपी में सिलसिलेवार हादसे, 14 की मौत, दर्जनों घायल
Share your love

संवाद 24 लखनऊ। घने कोहरे और तेज रफ्तार ने उत्तर प्रदेश में एक बार फिर जानलेवा तस्वीर पेश की है। बीती रात और तड़के प्रदेश के अलग-अलग जिलों में हुए भीषण सड़क हादसों में अब तक 14 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 30 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। यमुना एक्सप्रेस-वे से लेकर आगरा–लखनऊ एक्सप्रेस-वे और बस्ती के फोरलेन तक, हर जगह दृश्य एक जैसा रहा—कम विजिबिलिटी, बेकाबू वाहन और चीख-पुकार।
यमुना एक्सप्रेस-वे: आग और टक्कर का तांडव, चार की मौत
सोमवार रात करीब 2 बजे मथुरा के पास यमुना एक्सप्रेस-वे पर आगरा से नोएडा की ओर जा रहे वाहनों की रफ्तार कोहरे में जानलेवा साबित हुई। घनी धुंध के बीच सात बसें और दो कारें एक के बाद एक टकरा गईं। टक्कर के बाद कई वाहनों में आग लग गई।
कुछ यात्री बसों से कूदकर जान बचाने में सफल रहे, लेकिन कई लोग अंदर ही फंस गए। अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि दो दर्जन से ज्यादा घायल अस्पताल में भर्ती हैं। घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों को पांच लाख रुपये की सहायता और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं।

उन्नाव: बोल्डर से टकराई लग्जरी SUV, चार जिंदगियां खत्म
मंगलवार सुबह करीब 6 बजे आगरा–लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर उन्नाव के बांगरमऊ क्षेत्र में तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार हवाई पट्टी पर रखे बोल्डर से जा टकराई। रफ्तार करीब 100 किमी प्रति घंटा बताई जा रही है। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के सभी एयरबैग खुल गए।
हादसे में चालक समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में कोहरे के बीच झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार में फंसे शवों को बाहर निकालकर सीएचसी भेजा, जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।
बस्ती: बस-ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत, चार की मौत

बस्ती जिले में बड़ेवन फोरलेन पर आधी रात के बाद एक निजी यात्री बस और ट्रक की टक्कर हो गई। बस संतकबीरनगर से अजमेर जा रही थी।
हादसे में चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें जिला अस्पताल से रेफर किया गया है।
प्रशासन अलर्ट, लेकिन सवाल बरकरार
लगातार हो रहे हादसों के बाद पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में है। एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने और चेतावनी जारी करने की बात कही जा रही है, लेकिन कोहरे में तेज रफ्तार और लापरवाही अब भी मौत का कारण बन रही है।
संवाद 24 की अपील—कोहरे के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, गति सीमित रखें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें। एक छोटी सी लापरवाही, कई घरों का चिराग बुझा सकती है।






