पंकज चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर भाजपा घबराई हुई- शिवपाल
Share your love

संवाद 24, कानपुर। समाजवादी पार्टी के महासचिव शिवपाल यादव ने रविवार को भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) राजनीति से भाजपा सरकार घबराई हुई है। इसी घबराहट के चलते पंकज चौधरी को उत्तर प्रदेश भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी संगठन के दम पर भाजपा के सभी प्रयासों को विफल करेगी और 2027 के विधानसभा चुनाव में सत्ता में लौटेगी।
शिवपाल यादव यह बयान कानपुर के जाजमऊ में सपा विधायक नसीम सोलंकी के आवास पर दिया, जहां वे उनके पति और पूर्व विधायक इरफान सोलंकी से मिलने पहुंचे थे। सोलंकी दंपत्ति ने उनका स्वागत किया। इरफान सोलंकी हाल ही में 34 महीने बाद 30 सितंबर को महराजगंज जेल से रिहा हुए हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार यह मुलाकात अनौपचारिक थी, लेकिन राजनीतिक संदेशों से भरपूर रही।
शिवपाल यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव जीतने के लिए बेईमानी का सहारा लेती है। उन्होंने कहा कि भाजपा मशीनों का दुरुपयोग करती है, अधिकारियों का इस्तेमाल करती है और मतदाताओं में पैसे बांटती है। उन्होंने कहा कि अब सपा कार्यकर्ता खुलकर भाजपा का मुकाबला करेंगे और जनता के सहयोग से सत्ता परिवर्तन करेंगे।
वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) पर बात करते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि सही मतदाताओं के नाम नहीं कटने चाहिए और फर्जी वोट नहीं बढ़ने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार SIR के जरिए साजिश कर रही है, लेकिन जनता इसका जवाब देगी। उन्होंने दोहराया कि 18 वर्ष से ऊपर के हर नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना चाहिए और यही समाजवादी पार्टी का प्रयास है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के रूप में पंकज चौधरी की नियुक्ति पर उन्होंने कहा कि यह फैसला PDA वोट बैंक के बढ़ते प्रभाव से डरकर लिया गया है। सपा का लक्ष्य हर बूथ पर संगठन को मजबूत करना है, ताकि बूथ स्तर पर ही भाजपा को चुनौती दी जा सके।
धार्मिक मुद्दों पर पूछे गए सवाल के जवाब में शिवपाल यादव ने कहा कि भाजपा विकास, महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए मंदिर-मस्जिद की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि जब मंदिर बन सकते हैं तो मस्जिद बनाने पर भी सवाल क्यों उठते हैं। भाजपा के पास विकास का कोई एजेंडा नहीं है, इसलिए वह जनता को धार्मिक मुद्दों में उलझाकर रखना चाहती है।
सोलंकी परिवार को 2027 में टिकट मिलने के सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि यह निर्णय पार्टी का होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि समाजवादी पार्टी 2027 में विधानसभा चुनाव जीतकर जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार बनाएगी।
स्मार्ट सिटी योजना पर निशाना साधते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि इसके नाम पर सिर्फ घोटाले हुए हैं। दस साल में वादे पूरे नहीं हुए, बिजली महंगी है, बेरोजगारी बनी हुई है और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को बेहद कम वेतन दिया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि इन्हीं मुद्दों के आधार पर 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।






