यूपी: संगठन को लेकर ओपी राजभर का अखिलेश पर तंज, बोले “क्या भाजपा संगठन अखिलेश से पूछकर बनाएगी?”

संवाद 24 संवाददाता। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने संगठन को लेकर समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम सिर्फ विरोध करना रह गया है और भाजपा जैसे बड़े संगठन को अपने आंतरिक मामलों के लिए किसी से अनुमति लेने की जरूरत नहीं है।

लखनऊ में मीडिया से बातचीत के दौरान ओपी राजभर ने कहा, “अगर सवाल संगठन का है तो समाजवादी पार्टी भी अपने संगठन के लिए चुनाव कराती है। विरोध करना और विरोध की भाषा बोलना विपक्ष की आदत बन चुकी है। भाजपा एक बड़ी पार्टी और बड़ा संगठन है। यह इतना बड़ा राज्य है—क्या वे अपना संगठन अपनी मर्जी से बनाएंगे या अखिलेश यादव से पूछकर बनाएंगे?”

उन्होंने कहा कि विपक्ष बिना मुद्दों के केवल बयानबाजी कर रहा है, जबकि सरकार और उसके सहयोगी दल जमीन पर काम कर रहे हैं।

इससे पहले एक दिन पहले गाजीपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ओपी राजभर ने सुभासपा के सेवा अभियानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पार्टी के सेवा कार्यक्रम के तहत अब तक 15 हजार से अधिक शिक्षित युवाओं का चयन किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि ‘सुहेलदेव सेवा’ अभियान के माध्यम से गांव-गांव बैठकों का आयोजन कर युवाओं को जोड़ा जा रहा है, ताकि पिछड़े क्षेत्रों में शिक्षा को बढ़ावा दिया जा सके।

राजभर ने दावा किया कि उनकी पार्टी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर शिक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *