पूर्व IG अमिताभ ठाकुर की गिरफ्तारी पर बवाल: आधी रात ट्रेन से उठाकर ले गई पुलिस, कोर्ट में धक्का देकर अंदर ले जाया गया
Share your love

संवाद 24, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व IG अमिताभ ठाकुर को बुधवार देर रात दिल्ली जाने के दौरान शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर पुलिस ने हिरासत में ले लिया। देर रात हुई इस कार्रवाई के बाद पहले उनके “किडनैप” होने की खबरें आईं, लेकिन बाद में लखनऊ पुलिस ने उनकी पत्नी नूतन ठाकुर को कॉल कर बताया कि उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने करीब दो घंटे एक अज्ञात स्थान पर पूछताछ की। बाद में मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाया गया। अस्पताल में मीडिया से बात करने की कोशिश पर पुलिस ने उन्हें रोक दिया और कोर्ट ले जाते समय धक्का देकर अंदर ले गई। अमिताभ ने कहा— “मेरे साथ अन्याय हो रहा है… यह सब सरकार के इशारे पर हो रहा है।”
गिरफ्तारी आधी रात चलती ट्रेन से, पत्नी बोलीं— “खींचते हुए ले गए”
अमिताभ की पत्नी नूतन ठाकुर ने बताया कि वे दिल्ली जा रहे थे।
- “रात करीब 1:50 बजे शाहजहांपुर में ट्रेन रुकी। तभी सादे कपड़ों में कुछ लोग आए और अमिताभ को खींचते हुए बाहर ले गए। मैंने फोन मिलाने की कोशिश की, लेकिन बातचीत नहीं हो पाई। ऐसा लगा कि कोई जबरन मोबाइल छीने जा रहा है। कुछ सेकंड में ही फोन बंद हो गया।”
उन्होंने बताया कि उन्होंने RPF, रेलवे और शाहजहांपुर पुलिस से संपर्क किया, लेकिन कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली। सुबह करीब 9:40 बजे लखनऊ के तालकटोरा थाने से SHO का फोन आया कि अमिताभ को देवरिया ले जाया जा रहा है।
26 साल पुराने केस में कार्रवाई
अमिताभ ठाकुर जिस केस में गिरफ्तार हुए, वह 1998 का मामला है, जब वे देवरिया के SP थे। आरोप है कि—
- उनकी पत्नी ने कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर
- देवरिया के औद्योगिक क्षेत्र में एक प्लॉट लिया
- बाद में उसे बेचकर आर्थिक लाभ कमाया
यह मामला तीन महीने पहले लखनऊ में दर्ज हुआ था। SIT ने देवरिया और बिहार में दस्तावेजों व गवाहों की जांच के बाद गिरफ्तारी की सिफारिश की।
नूतन ठाकुर का दावा है—
“यह एक सामान्य सिविल केस था, जिसे अब जबरन आपराधिक केस में बदला जा रहा है। FIR दबाव में दर्ज कराई गई है। हम जल्द ही सबूत पेश करेंगे और अपनी निर्दोषता साबित करेंगे।”






