मूसानगर के पास तेज रफ्तार ऑटो पलटने से चालक सहित तीन यात्री घायल

संवाद 24 संवाददाता। सोमवार शाम मूसानगर थाना क्षेत्र के जरसेन-शेरपुर मार्ग पर एक तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ऑटो चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, घार गांव निवासी रेशमा, नफीसा, भूरा प्रजापति और कुछ अन्य लोग सोमवार शाम मूसानगर बाजार से सामान खरीदारी कर ऑटो रिक्शा से अपने गांव लौट रहे थे। ऑटो की कमान घार गांव के ही युवा चालक आशीष दिवाकर के हाथ में थी। जब ऑटो जरसेन और शेरपुर गांव के बीच तीखे मोड़ पर पहुंचा, तब अचानक चालक ने संतुलन खो दिया और तेज रफ्तार ऑट ऑटो सड़क किनारे पलट गया।

हादसा इतना जोरदार था कि ऑटो में सवार सभी लोग बुरी तरह चोटिल हो गए। चालक आशीष दिवाकर को भी गंभीर चोटें आईं। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर तैनात बीट इंचार्ज सिपाही गोविंद यादव तुरंत पहुंचे और अपनी सूझबूज से ऑटो में फंसे घायलों को बाहर निकाला। इसके तुरंत बाद परिजनों को सूचना दी गई। परिजन मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क का मोड़ पहले भी कई हादसों की गवाह बन चुकी है। तीखा मोड़ और सड़क की खराब स्थिति के कारण आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मोड़ पर स्पीड ब्रेकर और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाएं रोकी जा सकें। फिलहाल पुलिस ने घटना की जानकारी ले ली है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *