रोडवेज बस चढ़ने से महिला की दर्दनाक मौत, बेटे के सामने कुचली गई; ड्राइवर नशे में था
Share your love

संवाद 24।लखनऊ
लखनऊ में रविवार सुबह चारबाग स्टेशन के बाहर एक दर्दनाक हादसे में कानपुर नगर निगम में तैनात 40 वर्षीय कर्मचारी संगीता रावत की रोडवेज बस से कुचलकर मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब संगीता अपने तीन बच्चों के साथ सड़क पार कर रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस चालक नशे की हालत में था और महिला को कुचलने के बाद भागने की कोशिश कर रहा था, जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
उन्नाव के गंगाघाट थाना क्षेत्र के आदर्शनगर शुक्लागंज निवासी संगीता रावत लखनऊ अपनी मौसी के नए घर में प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होने आई थीं। घटना के समय बड़ा बेटा राहुल सड़क पार कर चुका था और बस रुकने का संकेत देने के बाद आगे बढ़ा। जैसे ही मां पीछे से आईं, बस अचानक तेजी से चल दी और संगीता उसकी चपेट में आ गईं। घटना इतनी गंभीर थी कि महिला का सिर सड़क पर पिचक गया। दो छोटे बच्चों को भी हल्की चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
रोडवेज बस संख्या UP 32 MN 9180 को पुलिस ने जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद लोगों ने ड्राइवर को पकड़कर पिटाई की। पोस्टमॉर्टम हाउस में मौजूद मृतका के बेटे राहुल ने कहा कि पिता की 2022 में मृत्यु के बाद मां ही परिवार का सहारा थीं। “बस रुक गई थी, मैं पार कर गया, लेकिन मेरे बाद ड्राइवर ने तेजी से बस बढ़ाई और मां के ऊपर चढ़ा दी। अब हमारे मां-बाप कोई नहीं हैं। सरकार ऐसे नशे में वाहन चलाने वालों को नौकरी न दे,” राहुल ने कहा।
संगीता कानपुर नगर निगम में फोर्थ ग्रेड कर्मचारी के रूप में कार्यरत थीं और परिवार का पूरा खर्च वही उठाती थीं। बेटे ने छोटे भाई-बहनों की आगे की पढ़ाई की चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।






