ऑटो की टक्कर से बुजुर्ग गार्ड की मौत तेज रफ्तार का फिर बना कहर

संवाद 24 संवाददाता। कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। पीएसआईटी कॉलेज के पास तेज रफ्तार से आ रहे एक ऑटो ने साइकिल सवार बुजुर्ग गार्ड को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ड्राइवर ऑटो छोड़कर फरार हो गया।

भौंतीखेड़ा निवासी 65 वर्षीय मोहन पाल चकरपुर स्थित एक टायर फैक्ट्री के गोदाम में गार्ड के पद पर तैनात थे। रोज़ की तरह वे शनिवार सुबह नाइट ड्यूटी खत्म कर साइकिल से घर लौट रहे थे। रास्ते में तेज रफ्तार ऑटो ने उन्हें इतनी जोरदार टक्कर मारी कि मोहन पाल ने वहीं दम तोड़ दिया।

राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुँची और शव की शिनाख्त कर परिवार को सूचना दी। घर में दो बेटे—सुरेश और नरेश, बहुएं सुमन और मालती तथा उनके तीन पोते और एक पोती हैं। परिवार पर अचानक आए इस सदमे से कोहराम मच गया।

सचेंडी इंस्पेक्टर दिनेश विष्ट ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौके से फरार हुए ऑटो चालक की तलाश की जा रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी को जल्द पकड़ा जा सके।

तेज रफ्तार के कारण हुए इस हादसे ने एक परिवार का सहारा छीन लिया। स्थानीय लोग सड़क पर बढ़ती लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *