अस्पताल में भर्ती पिता के लिए पैसे लेकर जा रहे थे दो चचेरे भाई, अनियंत्रित कार ने कुचला; 6 दिन पहले दूल्हा बने विमलेश समेत दोनों की मौत

फतेहपुर | संवाद 24 न्यूज़
फतेहपुर के कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। अंबापुर ओवरब्रिज के पास टायर फटने से अनियंत्रित हुई एक तेज रफ़्तार कार ने बाइक सवार दो चचेरे भाइयों को कुचल दिया। इस भीषण हादसे में दोनों युवकों की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

पिता के इलाज के लिए जा रहे थे दोनों यह घटना और भी दुखद इसलिए है क्योंकि दोनों युवक अपने पिता की जान बचाने के लिए निकले थे। हथगाम थाने के गौरी गांव निवासी रामौतार रैदास शुगर और ब्लड प्रेशर के मरीज हैं और शहर के जीटी रोड स्थित एक नर्सिंग होम में भर्ती हैं। शुक्रवार रात इलाज के लिए पैसों की कमी पड़ने पर रामौतार का 24 वर्षीय बेटा विमलेश अपने चचेरे भाई अवधेश (30) के साथ बाइक से अस्पताल जा रहा था।

10 मीटर तक घिसटती गई बाइक
हादसा रात करीब 2 बजे हुआ। थरियांव थाने के अंबापुर के पास पीछे से आ रही कार (रफ़्तार करीब 80 किमी/घंटा) का अगला दाहिना टायर अचानक फट गया। कार बेकाबू होकर बाइक को रौंदते हुए डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक कार के बोनट में फंसकर करीब 10 मीटर तक घिसटती चली गई।

6 दिन पहले ही हुई थी शादी
मृतक विमलेश की शादी अभी 24 नवंबर को ही हुई थी। हाथों की मेहंदी छूटने से पहले ही उसकी अर्थी उठने से परिवार में कोहराम मच गया है। पीछे दूसरी बाइक से आ रहे गांव के ही भोला और रामबाबू ने पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।

शादी से लौट रहे थे कार सवार
कार में एटा और फिरोजाबाद के रहने वाले विश्वप्रताप सिंह और प्रदीप सिंह सवार थे, जो प्रयागराज के नैनी से एक दोस्त की शादी में शामिल होकर कानपुर लौट रहे थे। हादसे में कार सवार बाल-बाल बच गए, जबकि कार चालक मौके से फरार हो गया। इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह ने बताया कि टायर फटने से यह हादसा हुआ है, तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *