हीरे की अंगूठी से शुरू हुआ रिश्ता, आरोपों की आग में जलकर टूट गया बारात बिना दुल्हन के लौटी

संवाद 24 कानपुर। नगर में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने लोगों को चौंका दिया। जिस युवती को दूल्हे ने सगाई में हीरे की अंगूठी पहनाकर जीवनभर साथ निभाने का वादा किया था, उसी ने शादी वाले दिन उसे “पागल” कहकर रिश्ता तोड़ दिया। हंगामे, आरोपों और रातभर चली पंचायत के बाद बारात बिना दुल्हन के ही लौट गई।

देर से बारात आने पर शुरू हुआ विवाद साढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में घाटमपुर से बारात पहुँची थी। बारातियों के स्वागत और रस्मों के बाद जैसे ही दूल्हा-दुल्हन के मिलने का समय आया, लड़की ने बारात देर से आने की बात कहकर हंगामा कर दिया।

परिवारवालों ने समझाया तो वह कुछ देर शांत हुई, लेकिन बात यहीं नहीं रुकी। दूल्हे के नशे में होने का आरोप कुछ ही देर बाद दुल्हन ने फिर से हंगामा शुरू करते हुए आरोप लगाया कि दूल्हा नशे में है। इस बात पर दूल्हे पक्ष ने कड़ी आपत्ति जताई और दोनों पक्षों में बहस बढ़ने लगी। किसी तरह मध्यस्थता कर दुल्हन को शांत कराया गया, लेकिन माहौल पहले से तनावपूर्ण हो चुका था।

पागल है दूल्हा” इस आरोप ने तोड़ दिया रिश्ता – स्थिति तब बिगड़ गई जब दुल्हन ने सबके सामने दूल्हे को “पागल” कह दिया। यह सुनकर दूल्हे पक्ष के लोग आगबबूला हो गए। इंजीनियर दूल्हे ने भी काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन दुल्हन अपने फैसले पर अड़ी रही। माहौल इतना गर्म हो गया कि रिश्तेदारों और ग्रामीणों को पंचायत के लिए बैठना पड़ा।

रात 3 बजे तक चली पंचायत, टूट गई शादी लगातार बहस और समझाने-बुझाने के बाद अंततः दोनों पक्ष शादी तोड़ने पर राज़ी हो गए। तय हुआ कि जो भी उपहार और सामान एक-दूसरे को दिया गया था, वह सब वापस कर दिया जाएगा। फैसले के बाद बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई।

पूरा मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग यह सवाल भी उठा रहे हैं कि आखिर सगाई के महीनों बाद शादी के दिन ऐसा क्या हुआ कि रिश्ता पलभर में टूट गया। दुल्हन का व्यवहार कई लोगों के लिए समझ से बाहर है, जबकि दूल्हे और उसके परिवार के लिए यह घटना गहरी चोट छोड़ गई है।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *