BJP नेता विनय कटियार बोले- डरपोकों के बीच नहीं जाता

संवाद 24, अयोध्या। राम मंदिर में धर्मध्वजा फहराने से पहले बयानबाजी तेज हो गई है। सोमवार शाम राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख चेहरों में रहे भाजपा नेता विनय कटियार ने कहा कि “मैं डरपोकों के बीच नहीं जाता। अगर राम मंदिर परिसर से मस्जिद और मकबरे नहीं उखाड़े होते तो आज का दिन नहीं आता। मंदिर निर्माण का श्रेय लेने वाले महाझूठे हैं।” कटियार के इस बयान ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है।

मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 161 फीट ऊंचे शिखर पर धर्मध्वजा फहराएंगे। अयोध्या को इस अवसर पर विशेष रूप से सजाया गया है। रामपथ ‘जय श्री राम’ के नाम से रोशन हो रहा है और नगरी को करीब 1000 क्विंटल फूलों से सजाया गया है। जिस दंड पर धर्मध्वजा फहराई जाएगी, उसे सोने से मढ़ा गया है।

सोमवार शाम संघ प्रमुख मोहन भागवत राम मंदिर पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथ जोड़कर उनका स्वागत किया। वहीं, अयोध्या के सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि “श्रीराम सबके हैं, लेकिन बीजेपी राम मंदिर की ठेकेदार बनी हुई है। मुझे कार्यक्रम में नहीं बुलाया गया, अगर बुलाते तो नंगे पैर दौड़कर जाता।”

समारोह को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पूरे क्षेत्र की हेलिकॉप्टर से निगरानी हो रही है। मंदिर परिसर को ATS और NSG कमांडो ने घेर रखा है। इसके अलावा SPG, CRPF और PAC की तैनाती भी की गई है। सुरक्षा व्यवस्था पांच स्तरों में की गई है।

धर्मध्वजारोहण के कार्यक्रम में उन 100 दानदाताओं को आमंत्रण दिया गया है, जिन्होंने राम मंदिर निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपए से अधिक का योगदान किया है। हालांकि शंकराचार्यों को समारोह में नहीं बुलाया गया है। मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों से नगर निगम की टीम ने स्ट्रीट डॉग्स और छुट्टा जानवरों को हटाकर सुरक्षित स्थानों पर भेजा है। सिर्फ सोमवार सुबह ही करीब 20 कुत्ते पकड़े गए।

राम नगरी आज ऐतिहासिक पल के इंतजार में तैयार खड़ी है।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News