चंदौली में डीआरआई का बड़ा एक्शन: ट्रेन से पकड़ा गया 7 करोड़ का तस्करी का सोना, महिला गिरफ्तार

चंदौली। उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) जंक्शन पर राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI) ने अंतरराज्यीय स्वर्ण तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 4.98 किलोग्राम तस्करी का सोना बरामद किया है। बरामद सोने की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब ₹7 करोड़ बताई जा रही है। डीआरआई के अनुसार, यह सोना बांग्लादेश के रास्ते पश्चिम बंगाल लाया गया था और वहां से दिल्ली भेजा जा रहा था।

कमर में छिपाकर ले जा रही थी 42 सोने के बिस्किट

डीआरआई की वाराणसी इकाई ने खुफिया सूचना के आधार पर डीडीयू जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या-7 पर ब्रह्मपुत्र मेल के एसी कोच में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान पश्चिम बंगाल निवासी 44 वर्षीय मधु वर्मा के कब्जे से अखबार में लपेटकर कमर में बांधे गए 42 सोने के बिस्किट और 20 छोटे टुकड़े बरामद किए गए। जांच में सोने की शुद्धता लगभग 99.5 प्रतिशत पाई गई।

दिल्ली पहुंचाने के बदले मिलने थे एक लाख रुपये

प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने कथित तौर पर बताया कि सोना बांग्लादेश से तस्करी कर कूच बिहार पहुंचाया गया था। वहां से उसे यह खेप दिल्ली पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई थी, जिसके बदले उसे ₹1 लाख पारिश्रमिक मिलने वाला था। उसके पास से आधार कार्ड, मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद की गई। मामले में तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

न्यायिक हिरासत में भेजी गई आरोपी

डीआरआई ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी महिला को वाराणसी की विशेष मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं तथा सोने की खेप का अंतिम गंतव्य कौन था।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *