
संवाद 24 | बिजनौर उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में एक परिवार पर 24 घंटे के भीतर दोहरी त्रासदी टूट पड़ी। पति की लंबी बीमारी के चलते हुई मौत के अगले ही दिन उनकी पत्नी की भी ट्रेन की चपेट में आने से जान चली गई। लगातार दो मौतों से परिवार और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
रेलवे लाइन पार करते समय हुआ हादसा
घटना नगीना थाना क्षेत्र के ग्राम हसन अलीपुर भोगन की है। जानकारी के अनुसार, लगभग 60 वर्षीय प्रोमा देवी शुक्रवार सुबह रेलवे लाइन पार कर गांव के समीप स्थित तालाब में स्नान करने जा रही थीं। इसी दौरान वह गुजर रही ट्रेन की चपेट में आ गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही टूट गई जीवन की डोर
सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नगीना ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुरोध पर पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
एक दिन पहले पति का हुआ था अंतिम संस्कार
परिजनों के अनुसार, प्रोमा देवी के पति का लंबी बीमारी के बाद एक दिन पहले ही निधन हुआ था और उनका अंतिम संस्कार किया गया था। पारंपरिक रीति-रिवाज के तहत महिला तालाब में स्नान करने जा रही थीं, तभी यह दुखद हादसा हो गया। लगातार दो दिनों में पति-पत्नी की मौत से परिवार गहरे सदमे में है और गांव में मातम पसरा हुआ है।






