प्रेम प्रसंग में रची गई साजिश, पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या कराई

संवाद 24 एटा। एक प्रॉपर्टी डीलर की हत्या का सनसनीखेज खुलासा पुलिस ने किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। मामले में पत्नी, उसके प्रेमी और कार चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार आवास विकास कॉलोनी निवासी 42 वर्षीय हेमंत मिश्रा 13 फरवरी की शाम अपने परिचित सुमित कुमार के साथ गांव अंगरैया जाने के लिए निकले थे। अगले दिन 14 फरवरी की सुबह उनका शव जैथरा थाना क्षेत्र में अंगरैया रोड के ⁵ किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने इसे संदिग्ध मौत मानते हुए जांच शुरू की थी।

जांच के दौरान सामने आया कि सुमित कुमार के मृतक की पत्नी रूबी से अवैध संबंध थे। इसी संबंध के चलते दोनों ने मिलकर हत्या की योजना बनाई। आरोप है कि रास्ते में सुमित ने हेमंत को पहले शराब पिलाई और बाद में स्प्रे की अधिक मात्रा देकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी शव को सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए थे।

पुलिस टीमों ने सर्विलांस और पूछताछ के आधार पर मामले का खुलासा करते हुए पत्नी रूबी, उसके प्रेमी सुमित कुमार और कार चालक अजय को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में विधिक कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *