
संवाद 24 मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना क्षेत्र में पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी अपराधी अमजद मारा गया। मुठभेड़ के दौरान हुई फायरिंग में एक दरोगा और एक सिपाही घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बुढ़ाना क्षेत्र में संदिग्ध बदमाशों की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश अमजद घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच में सामने आया है कि मारा गया अपराधी अमजद पर मेरठ, मुजफ्फरनगर, बागपत, गाजियाबाद और बिजनौर सहित कई जिलों में करीब 40 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। वह लंबे समय से पुलिस की सूची में वांछित था और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
मुठभेड़ के दौरान चली गोली एक पुलिस अधिकारी की बुलेटप्रूफ जैकेट में भी लगी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घायल पुलिसकर्मियों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस ने घटनास्थल से हथियार और अन्य साक्ष्य बरामद कर लिए हैं तथा फरार दूसरे बदमाश की तलाश में आसपास के क्षेत्रों में सघन अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच जारी है और जल्द ही अन्य संबंधित आरोपितों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।






