योगी सरकार की कैबिनेट बैठक आज, शिक्षा-स्वास्थ्य समेत 29 प्रस्तावों पर होगा मंथन

संवाद 24 लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में गुरुवार को लखनऊ में राज्य मंत्रिपरिषद की अहम बैठक आयोजित होगी। इस बैठक में कुल 29 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया किया जाएगा, जिन पर राज्य सरकार के स्तर से बड़े नीतिगत फैसले लिए जा सकते हैं।

बैठक के एजेंडे में शिक्षा, स्वास्थ्य, शहरी विकास, परिवहन और राजस्व से जुड़े प्रस्ताव प्रमुख रूप से शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार, प्रदेश के शिक्षकों और रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर चर्चा की जा रही है, जिससे लाखों कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलने की संभावना है।

इसके अलावा नोएडा एयरपोर्ट के विस्तार से जुड़े प्रस्ताव, गन्ना किसानों के भुगतान से संबंधित ऋण व्यवस्था तथा शहरी पुनर्विकास योजनाओं पर भी कैबिनेट की सहमति बन सकती है। शहरी क्षेत्रों में विस्थापित लोगों के पुनर्वासन से जुड़े मामलों को भी एजेंडे में शामिल किया जा सकता है

बैठक में विज्ञान पार्क और नक्षत्रशाला की स्थापना, उप निबंधक कार्यालयों में पंजीकृत विलेखों के डिजिटलीकरण जैसे प्रस्तावों पर भी विचार किया जा रहा है। इन कदमों से प्रशासनिक प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी और तकनीक-आधारित बनाने की दिशा में सरकार आगे बढ़ सकती है।

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग से जुड़े प्रस्तावों के तहत आपदा प्रभावित परिवारों के पुनर्वासन तथा पूर्वी पाकिस्तान से विस्थापित हिंदू बंगाली परिवारों के लिए भूमि व्यवस्था से संबंधित विषयों पर भी चर्चा की जा सकती है।

कैबिनेट बैठक में लिए गए फैसलों की आधिकारिक जानकारी सरकार की ओर से बैठक के बाद जारी की जाएगी।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *