धौरहरा में दुष्कर्म पीड़िता की संदिग्ध आत्महत्या, परिजनों ने पुलिस पर लगाए आरोप

संवाद 24 लखीमपुर खीरी। धौरहरा थाना क्षेत्र से एक गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है। दुष्कर्म के आरोप में एफआईआर दर्ज कराने के अगले ही दिन पीड़िता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई है और विभिन्न संगठनों में आक्रोश देखा जा रहा है।

घटना धौरहरा क्षेत्र के वाली गांव की बताई जा रही है। पीड़िता ने मंगलवार को थाने में तहरीर देकर गांव निवासी युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था, जिसके आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी। परिजनों के अनुसार, शिकायत दर्ज होने के बावजूद पीड़िता मानसिक दबाव और भय में थी।

परिजनों का आरोप है कि पुलिस द्वारा दर्ज की गई एफआईआर में तथ्यों में बदलाव किया गया, जिससे पीड़िता और अधिक आहत हो गई। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए उच्च अधिकारियों से हस्तक्षेप की अपील की है।

बुधवार सुबह पीड़िता का शव घर में फांसी के फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है और हर पहलू को ध्यान में रखा जाएगा।

घटना के बाद स्थानीय स्तर पर कई संगठनों ने आक्रोश जताया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सुरक्षा की दृष्टि से गांव और आसपास के इलाकों में पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच निष्पक्ष रूप से की जाएगी और यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *