अवैध तमंचा फैक्टरी का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार सात निर्मित व तीन अर्धनिर्मित असलहे बरामद
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कानपुर में कर्नलगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध असलहा बनाने और सप्लाई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सात निर्मित और तीन अर्धनिर्मित तमंचे बरामद किए हैं। यह गिरोह कानपुर समेत आसपास के कई जिलों में अवैध हथियारों की सप्लाई कर रहा था।
कर्नलगंज थाना प्रभारी विनीत कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि ऐपी फैनी कंपाउंड के पास दो युवक अवैध असलहे बेचने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों युवकों को दबोच लिया। पूछताछ में उनकी पहचान बकरमंडी निवासी चांद बाबू और आकिब के रूप में हुई।
गहन पूछताछ के दौरान दोनों ने उन्नाव निवासी देशराज का नाम उजागर किया। पुलिस ने जब देशराज के ठिकाने पर छापा मारा तो वहां अवैध तमंचा फैक्टरी संचालित होने की पुष्टि हुई। मौके से सात तैयार तमंचे और तीन अर्धनिर्मित असलहे बरामद किए गए, साथ ही हथियार बनाने में प्रयुक्त उपकरण भी मिले।
पुलिस के अनुसार गिरोह लंबे समय से चोरी-छिपे तमंचों का निर्माण कर उन्हें विभिन्न जिलों में सप्लाई कर रहा था। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उनसे आगे की पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इन हथियारों की सप्लाई किन-किन लोगों तक की गई और गिरोह से और कौन-कौन जुड़े हैं।
इस कार्रवाई को पुलिस ने अवैध हथियारों के नेटवर्क पर बड़ी चोट बताया है और आगे भी ऐसे अभियानों को तेज़ करने की बात कही है।






