इलाज के दौरान महिला की मौत से हंगामा, ICU में पानी पिलाने का आरोप

संवाद 24 संवाददाता। कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लखनपुर स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत हो जाने से शुक्रवार को अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। गुस्साए परिजनों ने अस्पताल के बाहर जमकर हंगामा किया और इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह हालात को संभाला।

गोविंदनगर के दबौली निवासी निजी कर्मी भगवान सिंह अपनी पत्नी माया देवी (35), बेटे दीपक और बेटी महक के साथ रहते हैं। परिजनों के अनुसार माया देवी को पित्त की थैली में पथरी की समस्या थी, जिसके चलते उन्हें लखनपुर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने जांच के बाद ऑपरेशन किया और सर्जरी के बाद उन्हें आईसीयू में रखा गया।

परिजनों का आरोप है कि आईसीयू में भर्ती रहने के दौरान अस्पताल की एक स्टाफ नर्स ने मरीज को पानी पिला दिया, जबकि डॉक्टरों ने ऐसा न करने की हिदायत दी थी। इसके बाद माया देवी की हालत अचानक बिगड़ गई और शुक्रवार को उनकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि यदि अस्पताल प्रशासन ने सावधानी बरती होती तो यह हादसा टाला जा सकता था।

महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे और अस्पताल के बाहर हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद लोगों को शांत कराया। अस्पताल प्रशासन ने फिलहाल आरोपों पर कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं दी है।

एसीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार ने बताया कि मामले में परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अस्पताल के रिकॉर्ड के आधार पर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी।

घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। परिजन दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, वहीं यह मामला निजी अस्पतालों में इलाज के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रहा है।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News