कानपुर में पुलिस लापरवाही का बड़ा मामला, कई टीमें आरोपी की तलाश में जुटीं

Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कानपुर में पुलिस की सतर्कता पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। गुजैनी थाना परिसर से एक शातिर चोर बाथरूम जाने के बहाने होमगार्ड को धक्का देकर फरार हो गया। इस घटना के बाद विभागीय कार्रवाई करते हुए लापरवाही के आरोप में ड्यूटी पर तैनात महिला सिपाही को निलंबित कर दिया गया है, जबकि होमगार्ड और आरोपी के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।

दरअसल, जरौली फेस-टू स्थित बालाजी ज्वैलर्स में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने गुरुवार को फरार आरोपी कल्लू उर्फ विशाल को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के बाद उसे जेल भेजने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान आरोपी ने बाथरूम जाने की अनुमति मांगी। थाने में तैनात होमगार्ड राजकुमार उसे हवालात से निकालकर बाथरूम की ओर ले जा रहा था।

इसी बीच कार्यालय के पीछे पहुंचते ही, जहां होमगार्ड अकेला था, आरोपी ने अचानक उसे जोरदार धक्का दे दिया। होमगार्ड के जमीन पर गिरते ही आरोपी पीछे की दीवार फांदकर कच्ची बस्ती की ओर भाग निकला। पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया, लेकिन वह संकरी गलियों का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि ज्वैलरी शॉप चोरी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया गया था और थाने से भागने की घटना को गंभीरता से लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

थाना प्रभारी की तहरीर पर जीडी मुंशी के पद पर तैनात महिला सिपाही, होमगार्ड और फरार आरोपी के खिलाफ लापरवाही और फरारी से संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। प्रारंभिक जांच में ड्यूटी में गंभीर चूक सामने आने पर महिला सिपाही को निलंबित कर दिया गया है।

गौरतलब है कि 14 दिसंबर की देर रात बालाजी ज्वैलर्स का शटर तोड़कर तीन नकाबपोश चोर करीब तीन किलो चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए थे। पुलिस ने 20 दिसंबर को मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को जेल भेज दिया था, जबकि कल्लू उर्फ विशाल तब से फरार चल रहा था।

अब एक बार फिर आरोपी के फरार होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। विभागीय स्तर पर जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के संकेत दिए गए हैं।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News