कानपुर देहात में दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक सवार दो युवकों की मौत झांसी–कानपुर हाईवे पर तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर, चालक फरार
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कानपुर देहात में बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। यह दुर्घटना अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के खलीलपुर गांव के सामने झांसी–कानपुर हाईवे पर हुई, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार ग्राम अस्वागपुर, थाना घाटमपुर (कानपुर नगर) निवासी 25 वर्षीय ध्रुव सिंह पुत्र सूरजभान सिंह और 24 वर्षीय अंकित पुत्र जयसिंह बाइक से बारा से घाटमपुर की ओर जा रहे थे। रात करीब एक बजे खलीलपुर गांव के पास टेस्टी डेयरी के सामने अचानक तेज गति से आ रहे वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हाईवे पर उछलकर गिरे युवक
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक बाइक से उछलकर हाईवे पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर अकबरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल मेडिकल कॉलेज अकबरपुर भेजा गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में तैनात डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शवों को मोर्चरी में रखवाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
वाहन चालक की तलाश में जुटी पुलिस
अकबरपुर कोतवाल हरमीत सिंह ने बताया कि दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया है। उसकी तलाश की जा रही है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके आने के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। तहरीर मिलने पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गांव में पसरा मातम
हादसे की खबर मिलते ही दोनों युवकों के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन और रिश्तेदार बदहवास हालत में मेडिकल कॉलेज के लिए रवाना हो गए।






