
संवाद 24 संवाददाता। झींझक क्षेत्र में मंगलवार को केबिल बॉक्स जल जाने से बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। हादसे के चलते कुंतलिया गांव, न्यू भोलानगर समेत झींझक पावर हाउस से जुड़े सभी फीडरों की विद्युत आपूर्ति करीब 10 घंटे तक ठप रही। भीषण सर्दी के बीच लंबे समय तक बिजली गुल रहने से उपभोक्ताओं, दुकानदारों, कारखानों और सरकारी संस्थानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार न्यू भोलानगर विद्युत सबस्टेशन को कठिका विद्युत सबस्टेशन से आपूर्ति की जाती है। मंगलवार भोर पहर करीब 4:30 बजे कुंतलिया गांव के पास स्थित केबिल बॉक्स अचानक जल गया, जिससे न्यू भोलानगर सबस्टेशन के सभी फीडरों की सप्लाई बंद हो गई।
पानी और मोबाइल चार्जिंग तक को हुए परेशान
बिजली आपूर्ति बाधित होने से क्षेत्र के उपभोक्ताओं को भीषण सर्दी में पानी की किल्लत झेलनी पड़ी। मोबाइल चार्जिंग, घरेलू कार्य, दुकानें और छोटे कारखाने पूरी तरह ठप हो गए। झींझक सीएचसी और ब्लॉक परिसर के कर्मचारी भी बिजली न होने से परेशान नजर आए।
10 घंटे की मशक्कत के बाद बहाल हुई सप्लाई
सूचना मिलते ही लाइनमैन जितेंद्र कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत शुरू की। लगभग दस घंटे की लगातार मेहनत के बाद दिन में करीब 4:30 बजे केबिल बॉक्स को ठीक कर विद्युत आपूर्ति बहाल की जा सकी। बिजली आते ही क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली।
अधिकारी बोले आपूर्ति पूरी तरह सामान्य
न्यू भोलानगर विद्युत सबस्टेशन के जेई पंकज कुमार ने बताया कि केबिल बॉक्स जलने के कारण आपूर्ति बाधित हुई थी, लेकिन मरम्मत कार्य पूरा कर लिया गया है और अब क्षेत्र में बिजली आपूर्ति पूर्व की तरह सामान्य कर दी गई है।






